रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। राजधानी के अलग-अलग थाना इलाकों में मारपीट के तीन घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इसमें न्यू राजेन्द्र नगर में जूस ठेला संचालक से युवकों ने किसी चीज से हमला कर लहुलूहान कर दिया । वहीं आमानाका में बच्चे को डाटने को लेकर पडोसियों के बीच हाथपाई और पापुलर बेकरी के पास शराब के लिए पैसा देने से मना करने पर युवक से मारपीट हो गई।
अमलीडीह स्थित राजभोग होटल के पास गन्ना जूस ठेला संचालक जितेंद्र रोहरा उर्फ पप्पू ने बताया कि मंगलवार को डिगेश्वर साहू, फगनू साहू और अजय साहू ने उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर किसी चीज से सिर पर वार कर दिया। इस हमले में जितेंद्र को गंभीर चोट आई। जितेंद्र वहां से जान बचाकर भाग और न्यूराजेंद्र नगर थाना जाकर इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
उधर आमानाका के राजीव नगर निवासी वर्षा महानंद ने शिकायत दर्ज कराई है कि 5 अप्रैल को पड़ोसी बंटी उर्फ वीरेन्द्र मेहरा ने बच्चे को डाटने की बात को लेकर अपने परिवार के साथ मिलकर मारपीट की। विवाद की शुरुआत बच्चे को डांटने को लेकर हुई थी। जिसके बाद बंटी शाम शराब के नशे में घर के पास आकर गाली गलौज करने लगा। जिसका विरोध करने पर बंटी और उसने पत्नी पिंकी, बेटे संदीप व ने परिजनों के साथ मिलकर गाली-गलौज कर डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंची वर्षा को भी हाथ और सिर में चोटें आईं।
इधर पुराना राजेन्द्र नगर निवासी टिकम दास ने शिकायत दर्ज कराई कि 8 अप्रैल की रात पापुलर बेकरी के पास अमित केटी उर्फ डॉन नामक युवक ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर उसने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी,
तीनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।