रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, ने बुधवार को पेंशनर्स के लिए जारी 3त्न डीआर के बिना एरियर वाले आदेश पर कड़ी नाराजगी जताई है। महासंघ ने इसे पेंशनरों के साथ आर्थिक शोषण की एक और कड़ी बताते हुए पिछले 6-7 वर्षों से जारी इस प्रकार के आदेशों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अब तक नहीं मिलना ब्यूरोक्रेट की बहुत बड़ी लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। नामदेव ने कहा कि स्वयं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी द्वारा विधानसभा में यह तथ्य सामने लाया जा चुका है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि इस लापरवाही के कारण राज्य और पेंशनरों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49 (6) के अनुसार पेंशनरी दायित्वों का विभाजन किया गया है, जिसमें कुल व्यय का लगभग 74 प्रतिशत मध्यप्रदेश और 26प्रतिशतछत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वहन किया जाना है। छत्तीसगढ़ सरकार अपने हिस्से की राशि नियमित रूप से वहन कर रही है, जबकि मध्यप्रदेश द्वारा अपने हिस्से का भुगतान नहीं किए जाने से यह देनदारी 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।
महासंघ ने मांग की है कि इस भारी बकाया राशि की वसूली के लिए छत्तीसगढ़ सरकार तुरंत कड़ा कदम उठाए और अपने हिस्से की 26त्न राशि को रोककर पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों को 88 माह का लंबित एरियर भुगतान सुनिश्चित करे।
जे. पी. मिश्रा, द्रौपदी यादव, अनिल गोल्हानी, टी. पी. सिंह, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, आर. के. टंडन, एम. एन. पाठक, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बी. एस. दसमेर, आर. जी. बोहरे, ओ. डी. शर्मा, अनिल पाठक सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस पूरे प्रकरण को पेंशन घोटाला बताते हुए इसकी समुचित जांच कर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।