रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अप्रैल। चंद्रनाहूं कुर्मी क्षत्रिय समाज रायपुर के अध्यक्ष डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केंद्रीय अध्यक्ष खोडस राम कश्यप, तिरेला कुर्मी समाज के अध्यक्ष ललित काकड़े ने
छत्तीसगढ़ में लागू किए गए धर्म स्वातंत्र्य कानून 2026 के प्रति सरकार का आभार व्यक्त किया है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कि जिस तरह से प्रलोभन देते हुए लोगों को धर्म से भटकाने का सिलसिला चल रहा था, उसे रोकने के लिए सरकार द्वारा की गई पहल सराहनीय है समाज प्रमुख होने के नाते हम इस विधेयक का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि इसकी रोकथाम के लिए सामाजिक बैठकों के माध्यम से चिंतन किया जाता रहा है इसके चलते अभी तक प्रदेश भर में कुर्मी समाज के किसी परिवार द्वारा दूसरे धर्म को अपनाने का मामला नहीं है। डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर ने कहा कि हमारा समाज सदैव से भारतीय संस्कृति परंपराओं और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। छत्तीसगढ़ की पहचान उनकी विविधता, परंपराओं और सामाजिक जीवन- शैली से जुड़ी हुई है, जहां आस्था केवल व्यक्तिगत विषय नहीं बल्कि सामाजिक संरचना का अभिन्न अंग होती है।
लेकिन पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे प्रकरण सामने आए हैं जहां धर्मांतरण से जुड़े विवादों ने सामाजिक तनाव और विभाजन की स्थिति उत्पन्न की है अनेक मामलों में यह चिंता व्यक्त की गई कि आस्था परिवर्तन स्वैक्षिक न होकर प्रलोभन, दबाव या अनुचित प्रभाव के माध्यम से किया गया, जिसमें समाज के भीतर संतुलन और सांस्कृतिक विघटन की स्थिति बनी।
ऐसी परिस्थितियों में यह आवश्यक था कि धर्म परिवर्तन से जुड़े विषयों को स्पष्ट विधिक ढांचे में लाया जाए, ताकि वास्तविक धार्मिक स्वातंत्रता सुरक्षित रह सके और उसके दुरुपयोग की संभावनाओं को रोका जा सके।
डॉ.चंद्राकर ने कहा कि हमने सामाजिक स्तर पर भी इसकी मांग की थी।
अब जब हमारे सामने छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026, आया है, तब यही कहा जा सकता है कि इस विधेयक का पारित होना एक महत्वपूर्ण पहल है, जो धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया को पारदर्शी और उत्तरदाई बनाता है। इसमें बल, प्रलोभन या अनुचित प्रभाव के माध्यम से किए गए धर्मांतरण को अवैध मानते हुए दंडात्मक प्रावधान किए गए हैं, जो समाज के कमजोर वर्गों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक है।
हम अपेक्षा करते हैं कि इस कानून के लागू होने के बाद धर्मांतरण से जुड़े प्रश्न अब आरोप- प्रत्यारोप के बजाय एक स्पष्ट विधिक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाए जा सकेंगे, जिससे समाज में अनावश्यक तनाव और भ्रम की स्थिति कम होगी।
अंत में हमारा समाज राज्य के सभी नागरिकों से यह आग्रह करता है कि वे आपसी सम्मान, संवाद और सामाजिक समरसता को बनाए रखते हुए इस अधिनियम की भावना के अनुरूप आचरण करें।