रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 अप्रैल। प्रदेश के निजी स्कूल संघ ने आरटीई में हुए बदलाव और सरकारी नियमों को लेकर चिंता जताई है। राज्य निजी स्कूल संचालक संघ ने विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखी हैं। संघ ने आरटीई के तहत प्रतिपूर्ति राशि समय पर और पूर्ण भुगतान करने, उसकी दर बढ़ाने तथा नर्सरी स्तर से प्रवेश प्रारंभ करने की मांग की है। इसके साथ ही यूनिफॉर्म राशि बढ़ाने, साइकिल योजना का लाभ देने और शैक्षणिक कैलेंडर को स्थिर रखने की भी बात कही गई है।
संघ अध्यक्ष सुबोध राठी, मनोज पाण्डेय ने बताया कि संगठन पिछले कई वर्षों से जिला स्तर पर आंदोलन और ज्ञापन के माध्यम से समस्याएं शासन के समक्ष ला रही हैं। वहीं अब प्रदेश स्तर पर संगठित होकर सरकार से इन समस्याओं के निराकरण की अपेक्षा है। संघ के पदाधिकारियों ने पूर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से इस संबंध में कई बार मुलाकात हो चुकी है।
इस दौरान संघ ने एक कॉरपोरेट समूह पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह भ्रामक बयान देकर निजी स्कूलों की छवि खराब कर रहा है। संघ ने स्पष्ट किया कि अधिकांश अशासकीय विद्यालय शासन के नियमों का पालन करते हैं और आरटीआई के तहत प्रवेश देने के पक्ष में हैं।
संघ ने सरकार से मांग की है कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकार एैसे नियम बनाएं जिससे निजी स्कूलों में आरटीई के तहत प्रतिपूर्ति राशि का सत्र समाप्ति के साथ ही समय पर भुगतान और राशि में वृद्धि कर प्राथमिक की 7000 को बढ़ाकर 15,000/, माध्यमिक की 11,400 को बढ़ाकर 18,000/- एवं हाईस्कूल की 15,000 को बढ़ाकर 25,000 किया जाय। आरटीआई में प्रवेश विद्यालय की बैठक संख्या का 25 प्रतिशत किया जाए।