रायपुर
रायपुर, 7 अप्रैल। रेल यात्रा के दौरान ट्रेन में चोरियां और छिनताई यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ज्यादातर लंबी दूरियों के यात्रा के दौरान चोर रात का सहारा लेकर यात्रियों के सामान चोरी कर फरार हो जाते है। एसा ही मामला जीआरपी थाने में आया है। जहां नागपुर निवासी शहजाद शेख की ट्रेन में यात्रा के दौरान कपड़े और अन्य सामान से भरा बैग पार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार शहजाद अहमद शेख 36 निवासी शिवनगर, माजरी रोड, नागपुर अपनी पत्नी शबाना परवीन के साथ 3 अप्रैल 2026 की रात इतवारी से रायगढ़ जाने के लिए ट्रेन नेताजी सुभाष चंद्र बोस टाटानगर एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे।
यात्रा के दौरान उसकी पत्नी ने काले रंग का बैग सीट के सिरहाने रखकर सो गई थी। रायपुर स्टेशन पहुंचने पर जब उसकी नींद खुली तो बैग गायब मिला। पूछताछ करने पर पत्नी को भी बैग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। बैग में सोने-चांदी के जेवर—कान की बाली, हार और 6500 रुपए, कपड़े सहित 67 हजार रुपए का सामान रखा हुआ था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। इसकी शिकायत उसने जीआरपी थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 305(सी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।