रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अप्रैल। चुनाव दौरे पर कोलकाता जाने से पहले माना एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक अब कानून बन गया है, राज्यपाल डेका ने हस्ताक्षर किए। इसका संकेत डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दिया है। उन्होंने कहा, राज्यपाल स्वयं ही चिंतनशील है।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा, ‘कानून लागू होते ही पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा जाएगा। सभी जिलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि धर्मांतरण से जुड़े किसी भी मामले पर तुरंत संज्ञान लिया जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करेंगे।’ सरकार का मानना है कि यह कानून राज्य में सामाजिक संतुलन और शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा धर्मांतरण को लेकर होने वाले विवादों और तनाव को कम करेगा।
नक्सल मुक्त होने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली प्रवास पर हैं और उसमें छत्तीसगढ़ को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। नक्सलवाद समाप्त हुआ है उसके बाद यह बैठक हो रही है। शर्मा ने कहा, बस्तर में बहुत सारा काम होना शेष है। समाज भी चिंतनशील है। बस्तर का तेजी से विकास होगा।
पश्चिम बंगाल को लेकर डीसीएम विजय शर्मा ने कहा, पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनकर आ रही है। जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ है। कांग्रेस की बैठक और सरकार को घेरने के प्रयास को लेकर गृहमंत्री शर्मा ने कहा, कांग्रेसी अभी तक क्या कर रहे थे। सरकार को तब ही कुछ कह पाएंगे जब कोई स्थिति दिखेगी। हल्ला मचाना अलग बात है। दो साल होने के बाद सभी विभागों ने अपने काम को लेकर जानकारी दी, इससे ज़्यादा खुलापन क्या हो सकता है।
शर्मा 15 दिन रहेंगे
डिप्टी सीएम शर्मा अगले पखवाड़े भर तक कोलकाता में ही रहेंगे। उनके करीबियों ने बताया कि वे, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पूरे चुनाव अभियान के प्रभारी हैं। शाह भी, प्रचार अभियान थमने तक 15 दिनों तक बंगाल में रहेंगे।