रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अप्रैल। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया है कि भाजपा का कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में भी पार्टी के द्वारा सौंपे गए दायित्व को पूरी ईमानदारी से समयबद्ध तरीके से पूरा करते हैं। श्री साय ने सोमवार को एकात्म परिसर में रायपुर शहर जिला कार्यालय में पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में यह बात कही। इस मौके पर वरिष्ठों का सम्मान किया गया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी का आधार है। हमारे कार्यकर्ता कठोर परिश्रम और निष्ठा से उन कार्यों को पूरा करते हैं इसीलिए भारतीय जनता पार्टी पार्टी विद डिफरेंट है। भाजपा में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के माध्यम से पूर्ण रूप से प्रशिक्षित कर उन्हें प्रखर बनाने का कार्य भी किया जाता है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जोश जुनून भाजपा के कार्यकर्ताओं में सदैव रहता है। हर कठिन परिस्थिति में भी पार्टी के द्वारा दिए गए कार्यों को पूरा करना कार्यकर्ताओं की कार्य शैली है। हमें अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है । प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता जमीन से जुडक़र रहते हैं और पार्टी कार्यों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाने का काम पूरी निष्ठा से करते हैं।
इस अवसर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री अमित मैशेरी, गुंजन प्रजापति, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छगन मूंदड़ा, अशोक पांडे, श्रीचंद सुंदरानी सहित सैकड़ो की संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।