रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अप्रैल। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित एक कैफे में देर रात तक चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने ‘फर्जी कैफे’ में दबिश देकर डीजे जब्त किया और कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह कैफे होटल बेबीलॉन का हिस्सा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड स्थित कैफे में तेज आवाज में डीजे बजाकर युवक-युवतियों द्वारा पार्टी की जा रही है। तेलीबांधा पुलिस की टीम ने रात करीब 1:15 बजे कैफे में रेड की। इस दौरान कैफे के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे। मौके पर तेज आवाज में डीजे बज रहा था और लोग शराब का सेवन कर रहे थे। पुलिस को अचानक देखकर वहां मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डीजे सिस्टम को जब्त करते हुए कोलाहल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। साथ ही मामले में सोमवार को न्यायालय में इस्तगासा भी पेश किया गया है।
एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है।