रायपुर

आदिवासी महिला से रेप सरगुजा के युवक को 10 साल कठोर कारावास
06-Apr-2026 6:47 PM
आदिवासी महिला से रेप सरगुजा के युवक को 10 साल कठोर कारावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 अप्रैल। विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी पंकज कुमार सिन्हा ने सोमवार को रेप के आरोपी अमन कुमार सिंह को दोषी करार देते हुए कड़ी सजा सुनाई है। मामले में आरोपी को 10 साल कठोर कारावास की सजा दी है।

मामले में अभियोज पक्ष के वकील उमाशंकर वर्मा ने बताया कि आरोपी ने 10 सितंबर 2024 से 18 मार्च 2025 के बीच रायपुर रेलवे स्टेशन के पास, पटना (बिहार) और विश्रामपुर सहित विभिन्न स्थानों पर पीडि़ता को ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने  शादी का झांसा देकर अपने साथ रखा और बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोप यह भी है कि जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसे जातिसूचक गालियां देते हुए गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन गर्भपात कराया। साथ ही, पीडि़ता को जान से मारने और  फोटो वायरल करने की धमकी देकर प्रताडि़त किया गया। पीडि़ता की शिकायत के बाद गंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 64(2)एम, 89, 296, 351(3) और 115(2)के अपराध में आरोपी अमन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर अजजा विशेष न्यायालय में पेश किया गया।

मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 18 गवाहों के बयान प्रस्तुत किए। अदालत ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अमन कुमार को दोषी पाया। विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार सिन्हा ने आरोपी को 10 साल कठोर कारावास और अर्थदंड की सजा से दंडित किया है। न्यायालय ने कहा कि पीडि़ता के साथ न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी अत्याचार किया गया। ऐसे मामलों में सख्त सजा आवश्यक है।


अन्य पोस्ट