रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अप्रैल। बढ़ती गर्मी और गांवों में गहराते निस्तारी व पेयजल संकट को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गंगरेल बांध का पट बुधवार को 500 क्यूसेक डिस्चार्ज के साथ खोल दिया गया है।
शुरुआती तौर पर छोड़े गए पानी को दो हिस्सों में बांटकर महानदी मुख्य नहर और मांढर शाखा नहर में प्रवाहित किया जा रहा है। हालांकि, कम डिस्चार्ज के चलते पानी की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में डिस्चार्ज को धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
गौरतलब है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण तालाब सूखने लगे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में निस्तारी संकट गहराने लगा है। साथ ही भूगर्भीय जलस्तर गिरने से पेयजल समस्या भी सामने आ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि तालाबों में पानी भरने से इस संकट को कुछ हद तक नियंत्रित किया जा
सकता है।
इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में लगातार मांग उठ रही थी। रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के पूर्व अध्यक्ष भूपेन्द्र शर्मा ने सीएम विष्णु देव साय, सीएस विकासशील और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को ज्ञापन भेजकर गंगरेल से पानी छोडऩे की मांग की थी। वहीं, पूर्व सिंचाई मंत्री धनेन्द्र साहू ने भी इस मुद्दे पर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।
इसके अलावा बंगोली सिंचाई उपसंभाग के तहत आने वाले 10 सिंचाई पंचायतों के पूर्व अध्यक्षों ने भी विभागीय अफसरों से तत्काल पानी छोडऩे की मांग की थी। हिरेश चंद्राकर, तुलाराम चंद्राकर, गोविंद चंद्राकर, चिंताराम वर्मा, प्रहलाद चंद्राकर, मनमोहन गुप्ता, भारतेन्दु साहू, धनीराम साहू और थानसिंह साहू ने न केवल डिस्चार्ज बढ़ाने, बल्कि पानी की बर्बादी रोकने के लिए पर्याप्त मैदानी अमले की तैनाती और अधिकारियों के नियमित दौरे सुनिश्चित करने की मांग भी की है।
फिलहाल गंगरेल से पानी छोड़े जाने के बाद ग्रामीण इलाकों में राहत की उम्मीद जगी है, लेकिन नजर इस बात पर है कि डिस्चार्ज बढऩे के साथ यह राहत कितनी तेजी से जमीन पर दिखाई देती है।