रायपुर

4 से कई जिलों में बारिश संभव, मौसम होगा सुहाना
01-Apr-2026 6:12 PM
4 से कई जिलों में बारिश संभव, मौसम होगा सुहाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अप्रैल। प्रदेश में कल 1 अप्रैल को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे और  एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: सरगुजा संभाग और उससे लगे जिले तथा बस्तर संभाग और उससे लगे जिले में संभावित है।

4 अप्रैल से प्रदेश के लगभग सभी संभागों के जिलों में वर्षा की गतिविधि बढऩे की सम्भावना बन रही है, जिसके कारण 5 अप्रैल से मौसम सुहावना हो सकता है । मौसम विज्ञानियों ने इसकी वजह  पश्चिमी विक्षोभ और कुछ उपरी हवा की द्रोणिकाओं की सक्रियता को बताया है। उनके अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके साथ एक द्रोणिका मध्य क्षोभमंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 26 डिग्री उत्तर में स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।  एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थित ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण से मणिपुर तक बिहार, दक्षिण उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल, उत्तर बांग्लादेश, मेघालय और दक्षिण पूर्वी असम होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

एक हवा की अनियमित गति/ द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, अंदरूनी कर्नाटक होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।


अन्य पोस्ट