रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अप्रैल। आम आदमी पार्टी ने कहा कि बिजली सरप्लस छत्तीसगढ़ में पुन: बिजली दर वृद्धि अप्रैल माह से प्रस्तावित किया है। जबकि पिछले साल 2025 में जुलाई में दरों में वृद्धि की गयी थी। अब पुन: बिजली दर बढ़ाई जा रही है,उक्त बढ़ी हुई दरों से जनता पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।
आप के प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा, प्रदेश अध्यक्ष (कर्मचारी विंग ) विजय झा, प्रदेश सचिव अनुषा जोसेफ़, प्रदेश संयुक्त सचिव कलावती मार्को और प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दरों में वृद्धि वितरण कंपनी के कुप्रबंधन की वजह से हो रही है। सरकार कंपनी के एमडी से इस्तीफा ले।आम जनता को सस्ती बिजली मिलने के बजाय बिजली महँगी करना समझ से परे है।बिल में हर माह ऊर्जा प्रभार के साथ अनेक गैरजरुरी चार्ज लिए जातें हैं और बिजली कम्पनियां 7000 करोड़ का घाटा दिखाकर बिजली दर वृद्धि कर छत्तीसगढ़ की जनता की जेब काटने का काम कर रही है। पार्टी सरकार से दरों में वृद्धि ना करने ,बड़े बकायादार उद्योगपतियों और सरकारी विभागों से बिल वसूली करने, स्मार्ट मीटर की बजाय पुराना मीटर लगाने बिजली कंपनियों से अपना खर्च कम करने , असमय बिजली कटौती खासकर ग्रामीण इलाकों में बंद करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इन सभी मांगो को लेकर पार्टी 2 अप्रैल को प्रदेश के हर जिले मुख्यालय में बिजली ऑफिस का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेगी। बिरगांव के कर्मा चौक उरला, स्थित बिजली ऑफिस, बिरगांव में शाम 4 बजे घेराव व धरना प्रदर्शन किया जायेगा।