रायपुर

कपड़ा व्यापारी के खाते में पहले एक रूपए जमा हुए फिर किश्तों में 1.69 लाख पार
31-Mar-2026 9:02 PM
कपड़ा व्यापारी के खाते में पहले एक रूपए जमा हुए फिर किश्तों में 1.69 लाख पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 मार्च। राजधानी के कोतवाली इलाके में ऑनलाइन ठगी का एक मामला सामने आया है। सदर बाजार निवासी कपड़ा व्यापारी लोकेश बैद के बैंक खाते से अज्ञात आरोपियों ने 1,69,652 रुपए का आहरण कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लोकेश बैद ने इसकी शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि जैन मंदिर के पास सदर बाजार में रहता है। वह कपड़े का व्यापार करता है। उसका सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सदर बाजार शाखा में बैंक एकाउंट है। जिसमें व्यपार का लेनदेन होता है।  27 मार्च को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें खाते से 1 रुपए कटने और वापस आने की जानकारी थी। उसी दिन दो बार इसी तरह के ट्रांजेक्शन हुए। अगले दिन 1 रुपए का ट्रांजेक्शन का मैसेज आया था। इसके बाद 29 मार्च की रात 1.30 बजे जब वे घर पर थे , उसके खाते से लगातार अलग-अलग रकम डेबिट होने लगे। इनमें 9,999 रुपए, 26,610 रुपए, 36,523 रुपए (दो बार), 10,000 रुपए सहित उनके खाते से 1,69,652 रुपए निकल गए।

इसकी जानकारी उसे दूसरे दिन सुबह मोबाइल पर आए बैंक का मैसेज  देखने के बाद हुई। ठगी होने के शक में उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत मिनले पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट