रायपुर

मीनल ने पेश किया 2130 करोड़ का बजट
30-Mar-2026 8:13 PM
मीनल ने पेश किया 2130 करोड़ का बजट

महिला शांति गृह, खारून महोत्सव, फुंडहर में गौधाम, 45 करोड़ की आवासीय योजनाएं

मच्छर उन्मुलन, आवारा कुत्तों के बधियाकरण के लिए 76 करोड़, शहीद स्मारक में लिफ्ट

1924 करोड़ की आय, 962 करोड़ का पूंजीगत खर्च का अनुमान

बर्तन बैंक, गासमेमोरियल मैदान पर 15 करोड़ खर्च करेगा निगम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 मार्च। महापौर श्रीमती चौबे ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया। यह उनके कार्यकाल का दूसरा बजट है। जो लगभग 2130 करोड़ से अधिक का बजट है। इसमें मीनल ने बताया कि इस वर्ष राजस्व वसूली का अनुमानित लक्ष्य 475 करोड़ 27 लाख 05 हजार रूपए निर्धारित किया गया है। रायपुर नगर निगम के आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आय का कुल अनुमान 1924 करोड़ 09 लाख 12 हजार रू. है, जिसमें पूंजीगत आय 962 करोड़ 15 लाख 55 हजार,़ डिपॉजिट वर्क आय 41 करोड़ 18 लाख 97 हजार रू. है।

बजट में वित्त लेखा एवं अंकेक्षण विभाग से संबंधित कुल व्यय 91 करोड़ 62 लाख 77 हजार का अनुमान है, जिसमें (6 एवं 7 वेतनमान) महंगाई भत्ता बकाया भुगतान एवं कर्मचारियों के पुनरीक्षित वेतनमान के भुगतान हेतु 5 35 करोड़ का व्यय एवं सामान्य भविष्य निधि बकाया भुगतान किये जाने हेतु 60 करोड़ 72 लाख का प्रावधान भी सम्मिलित है। सामान्य प्रशासन एवं विधायी कार्य विभाग के लिए कुल व्यय प्रस्ताव 57 करोड़ 69 लाख 99 हजार रू. का है। जिसमें स्थापना व्यय शामिल है।

नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के लिए 15 करोड़ 93 लाख 91 हजार रू. है, जिसमें भू-अर्जन/भूमि का क्षतिपूरक मुआवजा 2 करोड़ रू. 20 लाख रू. का प्रावधान किया गया है। लोक कर्म विभाग से संबंधित कार्यों के लिए कुल प्रस्ताव 562 करोड़ 10 लाख 70 हजार रू. का प्रावधान है, इसके अंतर्गत बड़े नालों का निर्माण - 02 करोड़, सीमेंट मार्ग निर्माण - 01 करोड़ 50 लाख, लाईब्रेरी भवन - 05 करोड़ 80 लाख, वर्किग वुमेन हॉस्टल हेतु - 48 करोड़, फुटपाथ एवं पेवर निर्माण - 50 लाख, चौराहों का सौंदर्यीकरण - 01 करोड़,  नाली निर्माण - 02 करोड़,  डब्लू.बी.एम. मार्ग - 20 लाख, महापौर निधि - 02 करोड़ 25 लाख,  अत्यावष्यक कार्यो हेतु - 80 लाख व अन्य कार्यो को शामिल किया गया है।

मीनल ने कहा कि जल कार्य विभाग का अनुमान 104 करोड़ 88 लाख 52 हजार रू. का है, जिसमें पेयजल परिवहन कार्य हेतु 02 करोड़ 10 लाख एवं पॉवर पंप क्रय/ स्थापना कार्य हेतु 30 लाख, विद्युत व्यय हेतु 60 करोड़ एवं जल व्यवस्था हेतु 01 करोड़ का प्रावधान है।  राजस्व विभाग हेतु 15 करोड़ 30 लाख 21 हजार व्यय का प्रस्ताव है।

खाद्य लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता- वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस विभाग हेतु 76 करोड़ 97 लाख 81 हजार का प्रावधान रखा गया है, प्रमुख व्यय मच्छर उन्मुलन, आवारा कुत्तों के बधियाकरण, सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट, मषीन क्रय, सफाई मित्र योजना, चिकित्सालयों हेतु दवाई एवं उपकरण पर, व्यय किये जाने हेतु प्रावधानित किया गया है।

विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के लिए 89 करोड़ 99 लाख 91 हजार रू. व्यय का अनुमान है, इसमें मुख्य रूप से मार्ग विद्युतीकरण हेतु 01 करोड़, सौर ऊर्जा से संबंधित कार्यों हेतु 50 लाख, विद्युत सामग्री क्रय हेतु 02 करोड़ व्यय का प्रावधान रखा गया है।

गरीबी उपशमन एवं सामाजिक कल्याण विभाग के लिए  87 लाख 44 हजार व्यय का प्रावधान है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 57 लाख 41 हजार का व्यय प्रस्ताव है, इसमे प्रमुख रूप से निगम क्षेत्र की निर्धन महिलाओं के लिए कुटीर उद्योगों के माध्यम से उन्हें स्व-रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा।

महापौर ने अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग को 8 करोड़ 19 लाख 29 हजार रुपए दिए हैं। इसमें युवाओं एवं महिलाओं को व्यवसायिक प्रशिक्षण देने का विशेष प्रावधान रखा गया है। अगले वर्ष खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग- खिलाड़ी के लिये खेल शिविर/खेल प्रशिक्षण/वार्षिक समारोह हेतु 1 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग- इस विभाग के अंतर्गत नवीन उद्यानों की स्थापना की जाएगी साथ ही उद्यानों का संधारण, ओपन जिम स्थापना एवं हरित विकास के अंतर्गत वृक्षारोपण किए जाएंगे।

संस्कृति एवं पर्यटन मनोरंजन एवं विरासत संरक्षण विभाग के लिए 3 करोड़ 94 लाख 51 हजार रू. व्यय का प्रस्ताव रखा गया है। छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रचार-प्रसार हेतु संगोष्ठियों के आयोजन एवं प्रोत्साहन हेतु, निगम कर्मचारियों एवं जनता के लिए संगीत क्लब एवं सांस्कृतिक क्लब के लिए विभिन्न प्रावधान किया गया है।

महापौर चौबे ने जोन व्यय के लिए सर्वाधिक राशि दी है। इसके मुताबिक  जोन कार्यालयों के माध्यम से कुल 194 करोड़ 97 लाख 79 हजार व्यय प्रस्तावित किया गया है। इनमें सफाई ठेका - 60 करोड़ 79 लाख 49 हजार, गलियों का कांक्रीटीकरण - 18 करोड़ 39 लाख 85 हजार, मार्ग संधारण - 11 करोड़ 48 लाख 05 हजार,  सामुदायिक भवन - 09 करोड़ 36 लाख 80 हजार,  समस्त भवनो का वार्षिक संधारण - 03 करोड़ 68 लाख 98 हजार, नालियों का वार्षिक संधारण - 07 करोड़ 55 लाख 11 हजार, पार्षद निधि - 05 करोड़ 30 लाख 40 हजार, सार्वजनिक कुओं और तालाबों - 02 करोड़ 15 लाख 42 हजार की सफाई व अन्य कार्यो को शामिल किया गया है।

चौबे के अनुसार अगले वर्ष पंूजीगत व्यय के अंतर्गत कुल 834 करोड़ 46 लाख व्यय का अनुमान है। इनमें  सबके लिये आवास योजना - 45 करोड़, अमृत मिशन योजना - 15 करोड़,  खारून नदी में मिलने से पूर्व नालियों के पानी का शुद्धीकरण हेतु ट्रीटमेंट प्लांट - 05 करोड़, अधोसंरचना मद - 60 करोड़,  नगर विकास योजना/मार्ग चौड़ीकरण - 120 करोड़,  बी.एस.यू.पी. - 01 करोड़,  आश्रय शुल्क - 20 लाख, वार्षिक संधारण - 15 करोड़ 50 लाख, पुष्पवाटिका योजना - 80 लाख,  गोकुल नगर का विकास कार्य - 80 लाख,  जिमखाना/व्यायाम शाला - 02 करोड़, उन्मुक्त खेल मैदान योजना - 80 लाख, पार्षदों की अनुशंसा के कार्य - 04 करोड 80 लाख,  मुक्तिधाम योजना - 80 लाख,  सार्वजनिक प्रसाधन योजना - 80 लाख,  चौक चौराहो पर जेब्रा क्रॉसिंग का - 01 करोड़,  पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक स्थलों का जीर्णोद्वार एवं मरम्मत - 05 करोड़, वार्डों में आगंतुकों के लिये पथ प्रदर्शक पट्टिका एवं महत्वपूर्ण स्थलों के सूचक - 01 करोड़, धातु फ्रेम में महापुरूषों के जीवनी लेख - 20 लाख, प्रत्येक जोन में ई-गवर्नेस की स्थापना - 02 करोड़ व अन्य कार्यो को शामिल किया गया है।

अपने बजट के वादों का पिटारा न बताते हुए मीनल ने जनसुविधाओं के विस्तार की कुछ योजनाएं गिनाई। इनमें  महिला शांति गृह:- रायपुर नगर निगम द्वारा पहली बार मध्यम वर्ग की महिलाओं के मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य

को पूरा करने राशि रु. 5 करोड़ की लागत से महिला शांति गृह की स्थापना की जाएगी। वर्तमान समय में घरेलू एवं सामाजिक दायित्वों के कारण महिलाओं पर अत्यधिक मानसिक दबाव रहता है, जिससे उन्हें विश्राम, आत्मचिंतन एवं परामर्श की आवश्यकता होती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

मीनल ने रायपुर शहर में खारून महोत्सव के आयोजन की घोषणा की। रायपुर के सांस्कृतिक एवं पर्यावरण पहचान के लिए प्रतिवर्ष खारून महोत्सव का आयोजन किया जावेगा। मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के सम्मान मे निर्मित शहीद स्मारक भवन को वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु शहीद स्मारक परिसर में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रायपुर शहर के भीड़-भाड़ वाले महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को चिंहित कर वहॉ वाटर कूलर लगाये जाएंगे। बूढ़ातालाब के समीप पुराना / धरना स्थल पर महिलाओ के लिए वेंडिग जोन बनाए जाएंगे।

 रायपुर शहर की नियमित व व्यवस्थित साफ- सफाई के लिये हम प्रतिबद्ध है, इस हेतु राशि रुण्1 करोड 50 लाख की लागत से रोबोटिक सक्शन मशीन क्रय किया जाएगा। इसी क्रम मे हमनें शासन के समक्ष, राशि रु.1 करोड़ 50 लाख की लागत से डेऊन मास्टर से खारून नदी एवं बड़े नालो की सफाई हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया है। सफाई हमारी प्राथमिकता है, पूर्व वर्षों के अनुभव को देखते हुए हमने सफाई को विशेष प्राथमिकता दी है और टाटा एस, मिनी टिप्पर, जेसीबी मशीन, पोकलेन, सक्शन मशीन, जटायू जैसी आधुनिक मशीने क्रय करने की योजना बनाई है।

रायपुर में गौधाम योजना के तहत फुंडहर के समीप स्थल चिन्हित किया गया है। इसके प्रभावी संचालन के लिए नगर निगम कदम उठायेगा।  नगर निगम मे कार्य करने वाली कार्यरत महिलाओं के लिए रक्षा कवच के रूप में आत्म रक्षा शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक जोन के उपेक्षित 2 उद्यानों का चिन्हांकन कर उनका सौदर्यीकरण किया जायेगा।  बर्तन बैंक को महिलाओं को रोजगार से जोडऩे व सिंगल प्लास्टिक के उपयोग को रोकने तथा वार्ड स्तर पर कूड़े में कमी लाने के उद्देश्य रायपुर के प्रत्येक वार्ड में बर्तन बैक स्थापित किया जाएगा। आमापारा स्थित कारी तालाब म पीपीपी मॉडल पर पार्किंग सह वेंडिग जोन बनाये जाने का प्रावधान किया गया है।

 गॉस मेमोरियल खेल मैदान के उन्नयन हेतु राशि रुपये 15 करोडक़ा प्रावधान किया गया है। इस खेल मैदान के पुनर्विकास से स्थानीय युवाओं को खेल प्रशिक्षण एवं अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावना बढ़ेगी, साथ ही स्वास्थ्य, फिटनेस एवं सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।  जे.एन. पांडेय उच्चतर माध्यमिक शाला तथा सप्रे शाला एवं खेल परिसर विकास कार्य हेतु राशि रुपये 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

शहर में विभिन्न स्थानों में आवश्यकता अनुसार पे एंड यूज़ शौचालय बनाए जाएंगें।  निगम द्वारा व्यायाम शाला का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष 01 व्यायाम शाला को चिहिंत कर उसका कायाकल्प किया जाएगा।

काग्रेस पार्षदों का हंगामा, नारेबाजी

सामान्य सभा की  बजट  बैठक में प्रश्न काल में ही भाजपा कांग्रेस के पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस पार्षद  सभापति सूर्यकांत राठौड़ और आयुक्त  विश्वदीप के सामने पहुंच कर पिछले बजट की घोषणाएं वादे पूरी नहीं करने वाले पोस्टर लहराए। इन पोस्टरों में महापौर से पूछा कि  क्या हुआ तेरा 2025 का वादा, तात्यापारा  रोड चौड़ीकरण प्रभावितों को मुआवजा मिला क्या, पंडरी प्रगति खेल मैदान उन्मुक्त मैदान बना क्या, स्वच्छ पेयजल रायपुर को कब मिलेगा, जलभराव से शहर मुक्त हुआ क्या, महिलाओं को टैक्स में छूट मिली क्या, तालाबों का संरक्षण हुआ क्या जैसे पुरानी घोषणाओं पर नारे लिखे हुए थे। तो बीजेपी के पार्षद, कांग्रेस के लोगों को विकास विरोधी बता कर विरोध किया। पहले अपनी अपनी कुर्सियों के पास, फिर सभापति के सामने और फिर सभी कांग्रेसी पार्षद जमीन में बैठ कर कर रहे नारे बाजी करने लगे।

 

इस बजट में भी शेर और कविताओं का सहारा...

रायपुर, 30 मार्च। पिछले बजट की तरह इस बार भी महापौर मिनल चौबे ने अपने वादे और घोषणओं को कविता और शेरों के जरीए प्रस्तुत किया। महापौर ने अपने बजट पत्र में कार्य की रूपरेखा और विकास कार्यां की गाथा को साझा किया है। महापौर ने कहा कि मेरे हौसले की यही कहानी है, जो कहा वो किया, आज आपको सुनानी है। छूने को आसमां, अभी मैंने पंख खोले ही है, शहर की दुआएं, साथ मेरे बुजुर्गों की मेहरबानी है।

पिछले महापौर के कार्यकाल में शहर के थमे विकास पर मीनल ने कहा-बुझे हुए लौ को, फिर से हमें जलाना है, अंधियारों से लड़ते-लड़ते, सूरज तक जाना है। अब शहर खामोश है, हवाएं भी धीमें चल रही है, जिनके होने से कभी रौनक थी, उनकी कमी खल रही है।  विपक्ष के विरोध पर मीनल ने कहा-विरोध के नाम पर जो बेवजह जहर उगलते हैं, हकीकत में उनसे ही खूबसूरत शहर झुलसते हैं। हर वादे को हकीकत में बदल जाएंगे। ये बजट नहीं, दृढ विश्वास की नींव है, हम सब मिलकर नया इतिहास बनाएंगे। ना रुकेंगे हम ना थकेंगे हम, रायपुर की शान बढ़ाएंगे हमने ही बनाया है, हम ही संवारेंगे, इसे सच करके दिखांएगे।

जनता पर नए शुल्क

निजी और सरकारी भूमि पर होने वाले बड़े आयोजनों (जैसे प्रदर्शनी, मेला, एक्सपो, मैजिक शो) पर 500 रुपये प्रतिदिन का शुल्क। सामुदायिक भोज (भंडारा) और लंगर आयोजित करने वालों पर 500 रुपये प्रतिदिन का सफाई शुल्क।

इस बजट सभा में रायपुर के चार विधायकों में से केवल पुरंदर मिश्रा और नव निर्वाचित सांसद लक्ष्मी वर्मा भी मौजूद रहीं।


अन्य पोस्ट