रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 मार्च। छत्तीसगढ़ में ट्रांसजेंडर समुदाय ने संसद में पास नये कानून का विरोध किया है। सोमवार को समुदाय की अगुवाई कर रहीं राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर परिषद के पूर्वी जोन की सदस्य विद्या राजपूत और रबीना बरिहा अपने अन्य साथियों के साथ मीडिया से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे अधिक आपत्ति नए कानून की धारा 18 पर है। विद्या और रबीना ने मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कराये जाने की अनिवार्यता का भी विरोध किया। उन्होंने केन्द्र सरकार से इस विधेयक को वापस लेकर संशोधित विधेयक लाने की मांग की जिसमें शिक्षा, चिकित्सा व पेंशन जैसी सुविधाएं शामिल हों। उन्होंने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार ने इस कानून में संशोधन करने से पहले ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों से किसी तरह का परामर्श नहीं किया। रबीना बरिहा ने केन्द्र सरकार से मांग किया कि इस संशोधन विधेयक पर पुनर्विचार किया जाये और ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ खुला संवाद स्थापित किया जाये।
सुश्री शेख जोया ने किन्नर समुदाय की गुरू-चेला परंपरा पर कहा कि यह केवल सामाजिक संरचना नहीं बल्कि सुरक्षा और मार्गदर्शन का आधार है। नये कानून में ऐसा प्रावधान आया है कि गुरू और चेला पंरपरा भी प्रभावित होगी। किन्नर समुदाय ने यह भी कहा है कि अगर केन्द्र सरकार इस कानून पर पुनर्विचार नहीं करती है तो वह लोग लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे और सर्वोच्च न्यायालय की भी शरण लेंगे। विद्या राजपूत ने कहा कि इस कानून का विरोध देश भर में आज से शुरू हो रहा है। रायपुर में शाम को सप्रे स्कूल से प्रेस क्लब तक विरोध रैली निकाली जाएगी।