रायपुर

नालंदा परिसर में एमबीबीएस छात्र पर हमला
29-Mar-2026 8:52 PM
नालंदा परिसर में एमबीबीएस छात्र पर हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 मार्च। राजधानी के एनआईटी  के पास नालंदा परिसर  में एक  एमबीबीएस छात्र के साथ देर रात मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त छात्र अंजन पांडा ने थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि करीब 20 से 25 युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। पीडि़त छात्र ओडिशा का रहने वाला है और  डंगनिया में रहता है।

घटना 28-29 मार्च की दरमियानी रात की है। छात्र ने बताया कि वह नालंदा परिसर एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। छात्र का आरोप है कि हमलावरों की संख्या करीब 20-25 थी, जिन्होंने कुछ देर तक उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान छात्र के सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। छात्र ने अपनी शिकायत में मारपीट करने वाले युवकों का भी नाम ओज प्रकाश पांडे, नमन चौहान, सदर बाजार निवासी रौनक जैन, हैदर और श्रेयांश सहित करीब 20 लोग शामिल हैं।

ओज प्रकाश पांडे एनएसयुआई से जुड़ा हुआ बताया है। छात्र का कहना है कि अन्य हमलावर भी उसी के साथ आए थे। मारपीट के बाद पीडि़त छात्र ने सरस्वती नगर थाने में लिखित शिकायत देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि देर रात हुई इस घटना की शिकायत पुलिस ने ले ली है लेकिन एफआईआर नहीं हुई।


अन्य पोस्ट