रायपुर

अगले तीन दिनों तक तपेगा सूरज, उसके बाद 2-3 डिग्री गिरेगा तापमान
29-Mar-2026 8:47 PM
अगले तीन दिनों तक तपेगा सूरज, उसके बाद 2-3 डिग्री गिरेगा तापमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 मार्च। बीते 24 घंटे में प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य रहा। वहीं  एक-दो स्थानों हसौद 1, भटगांव 1, देवभोग 1 सेमी और कुछ अन्य स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में  कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है, तत्पश्चात आगामी दिनों में 2-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है।

दूसरी ओर पूरे प्रदेश में दिन का तापमान 34-38,39 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो रहा है।  इस बीच रात का तापमान भी बढऩे लगा है। बस्तर से लेकर जीपीएम जिले तक न्यूनतम तापमान 19-24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। केवल दो जिलों बलरामपुर और सरगुजा में ही 15-16 डिग्री के साथ रात में थोड़ी ठंडक बनी हुई है।

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि गंगा-तटीय पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक से होते हुए, दक्षिणी तमिलनाडु तक, समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊँचाई पर एक द्रोणिका फैली हुई है।

प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा (30-40 किमी) चलने की संभावना है।

वहीं 2 दिनों के बाद यानी मंगलवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि तथा गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा (30-40 किमी) चलने की संभावना है।

नौ तपा ठीक 56 दिन बाद

 इस बार वर्ष 2026 में नौतपा की शुरुआत 25 मई से होगी और यह 2 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान सूरज धरती को तपाएगा और बारिश के अनुकूल मौसम को बनाए रखेगा। हालांकि नौतपा के इर्द गीर्र्द प्री मानसूनी परस्थितियिां भी सक्रिय होती हैं और मानसूनी हाताल इसी दौरान तय होता है।  नौतपा 2026 ज्येष्ठ माह में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ शुरू होगा, जो आमतौर पर 25 मई से आरंभ होकर जून के पहले सप्ताह तक चलता है। यह नौ दिन की भीषण गर्मी और लू का समय होता है, जो अच्छी मानसून बारिश और कृषि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। इस समय सूर्य पृथ्वी के सबसे करीब होता है, जिससे उसकी किरणें सीधे पड़ती हैं और जमीन तथा समुद्र का पानी तेजी से तपता है, जिससे वाष्पीकरण की प्रक्रिया तेज होती है। अब नौतपा दो माह यानी 56 दिन की दूरी पर है और इसके बीच भी मौसम लोगों को तरह तरह की चुनौतियां देगा और वातावरण में पारा 40  डिग्री के पार तक नजर आएगा।


अन्य पोस्ट