रायपुर

चार श्रम संहिताओं के खिलाफ 1 अप्रैल को काला दिवस
29-Mar-2026 8:38 PM
चार श्रम संहिताओं के खिलाफ 1 अप्रैल को काला दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 मार्च। केंद्रीय ट्रेड यूनियन और कार्मिक एसोसिएशन 1 अप्रैल को देशभर में काला दिवस के रूप में मनाएंगे।। वे केंद्र सरकार द्वारा चार श्रम संहिताओं का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले 12 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल कर चुके थे।

छत्तीसगढ़ में ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के संयोजक धर्मराज महापात्र ने यह जानकारी देते हुए कहा कि 1 अप्रैल को पूरे देश के सभी कार्यस्थलों पर काला दिवस के रूप में मनाया जाए। इसे काले बैज लगाकर, हाथों या माथे पर काली पट्टी बांधकर, लंच अवकाश के दौरान विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी, धरना-प्रदर्शन, जुलूस, साइकिल/मोटरसाइकिल यात्रा या अन्य रचनात्मक तरीकों से विभिन्न रूपों में मनाया जा सकता है । कार्यक्रम राज्य इकाइयों द्वारा संयुक्त या स्वतंत्र रूप से तथा एसकेएम के समर्थन से आयोजित किया जा सकता है।

संयुक्त मंच ने समाज के सभी वर्गों से अपील की हैं कि वे इस कार्यक्रम का समर्थन करें, क्योंकि लोकतंत्र की असली कसौटी सामूहिक संगठन बनाने, यूनियन बनाने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने के अधिकार में निहित है। केंद्रीय ट्रेड यूनियनें, समाज के सभी वर्गों से इस विरोध कार्यक्रम को समर्थन देने की अपील करते हैं, ताकि संगठन बनाने, सामूहिक सौदेबाजी के अधिकार  और अपने वैध अधिकारों के लिए संघर्ष करने के अधिकार को सुरक्षित रखा जा सके।


अन्य पोस्ट