रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 मार्च। कमिश्नरेटर रायपुर पुलिस द्वारा सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में रविवार को NDPS प्रकरणों की विवेचना से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें रायपुर शहर एवं ग्रामीण जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी समेत 125 विवेचक उपस्थित रहे।
उद्घाटन करते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला ने कहा कि NDPS प्रकरणों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना एवं सुदृढ़ साक्ष्य संकलन के माध्यम से दोष सिद्धि दर बढ़ाई जा सकती है, जिससे नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा ने थानों को “प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र” की संज्ञा देते हुए कहा कि अपराध पंजीबद्ध होना ही उसके उपचार की शुरुआत है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की निष्पक्ष एवं संवेदनशील भूमिका पर जोर दिया तथा समाज में न्याय सुनिश्चित करने बिना किसी भेदभाव के कार्य करने की आवश्यकता बताई। प्रथम सत्र में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेश शर्मा ने NDPS अधिनियम के प्रक्रियात्मक पहलुओं का विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इसके उपरांत अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पंकज सिन्हा ने NDPS अधिनियम से संबंधित विभिन्न न्यायिक दृष्टांतों एवं प्रकरणों के उदाहरण प्रस्तुत किए । उन्होंने बताया कि किन सावधानियों का पालन कर विवेचना को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है तथा दोष सिद्धि की संभावना को बढ़ाया जा सकता है। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया।