रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 29 मार्च। रायपुर रोड स्थित ग्राम केंद्री के पास हुए एक सडक़ हादसे में 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल एक पिकअप वाहन ने सडक़ किनारे मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। अन्य दो घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृत बच्ची और उसकी मां पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम कुटेना, सिरकट्टी आश्रम के पास की निवासी हैं। वहीं अन्य घायल गोबरा नवापारा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।