रायपुर
जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नगर आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 28 मार्च। रामनवमी के अवसर पर श्रीराम सेवा समिति राजपुर द्वारा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता एवं हनुमान की आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे नगर में जय श्रीराम के उद्घोष के साथ भक्तिमय वातावरण बना रहा।
शोभायात्रा की शुरुआत मां महामाया मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन के साथ हुई। इसके बाद यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वार्ड क्रमांक 6 स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंची तथा वहां से वार्ड क्रमांक 4 के देवगुड़ी मार्ग होते हुए पुन: मां महामाया मंदिर में पहुंचकर झांकियों की आरती के साथ समापन किया गया।
यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। धार्मिक गीतों पर सैकड़ों श्रद्धालु थिरकते नजर आए, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर श्रीराम सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल एवं नरेश (लीलू) अग्रवाल, भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी संतोष सिंह, राजेश कुमार (टिल्लू) पाण्डेय, मनोज अग्रवाल, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्ना लाल चौधरी, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अशोक अग्रवाल, जिला सरसंचालक मनोज गुप्ता, भाजपा नेता संतोष पाण्डेय, अनिल तिवारी, धर्म जागरण प्रमुख अनिल गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग प्रदान करने हेतु श्रीराम सेवा समिति के अध्यक्ष विश्वास कुमार गुप्ता एवं सचिव नीरज शर्मा ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।