रायपुर
मुंबई के सुप्रसिद्ध सुंदरकांड वाचक पं. प्रकाश दुबे गुढिय़ारी के कार्यक्रम में होंगे शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मार्च। दो अप्रैल को हनुमान जयंती मनाई जाएगी। इसके लिए राजधानी के प्रमुख मंदिरों में हनुमान जन्मोत्सव के लिए मंदिर समितियों ने विशेष पूजा और अखंड हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया है। इसके लिए राजधानी के संजय नगर और गुढिय़ारी स्थित मंदिरों में विशेष हवन पाठ का आयोजन किया गया है। इसकी जानकारी देते हुए संजय नगर राधा कृष्ण मंदिर समिति के आयोजक सुभाष तिवारी ने बताया कि दो अप्रैल गुरूवार को हनुमान जयंती पर मंदिर प्रांगण में हनुमान जी के जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह हनुमान जी की पूजा अर्चना के बाद 108 चालीसा और सुन्दरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। इसमें शहरभर से भक्त शामिल होंगे। वहीं गुढिय़ारी स्थित मारूति मंगल भवन में भी हनुमान जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जेसीआई अध्यक्ष सुलभा पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्रद्धालु एक साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ करेंगे। इसके साथ ही मुंबई से सुप्रसिद्ध सुंदरकांड वाधक पं. प्रकाश दुबे अपनी टीम के साथ सजीव एवं भावपूर्ण सुंदरकांड पाठ करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर राम दरबार की भव्य स्थापना की जाएगी, जहाँ विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न होगी। कार्यक्रम के अंत में मंगल आरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही, शहर की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं भी शामिल होगी।