रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 मार्च। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने पर भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री बरसाती मेंढक की तरह बाहर निकलकर एक्साइज ड्यूटी कम करने की बधाई दे रहे हैं, लेकिन एक्साइज ड्यूटी कम करने से क्या पेट्रोल और डीजल की कीमत कम हुई ? इससे केवल तेल कंपनियों को फायदा होगा। आज भी उसी रेट पर पेट्रोल और डीजल मिल रहा है। एक्साइज ड्यूटी कम करने से जनता को इसका फायदा नहीं मिल रहा।
पेट्रोल, गैस आपूर्ति को लेकर सीएम साय की बैठक पर बैज ने कहा, गैस की कोई दिक्क़त नहीं है कहते हैं और गैस सिलेंडर का दाम बढ़ा दिए। प्रदेश में पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल के लिए लोग लाइन लगाए हैं। पेट्रोल के लिए देश में मारामारी चल रही है। सरकार सच्चाई बताए और आम जनता से माफी मांगे। गैस की कमी है ये स्वीकार करे।
आबकारी विभाग में मैन पावर सप्लाई को लेकर बैज ने कहा, सरकार अपने नेताओं को फायदा पहुंचा रही। आबकारी विभाग में राष्ट्रीय सचिव के एक मालिक की दो कंपनी को काम दिया है। यह गलत है, अपने राष्ट्रीय सचिव अपने मालिक को फायदा पहुंचाने का काम सरकार कर रही। क्या इसकी जांच होगी? राष्ट्रीय नेता को फायदा पहुंचाना, आबकारी मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेना चाहिए।
नक्सलवाद पर लोकसभा में चर्चा की तैयारी पर बैज ने कहा, सरकार ने 31 मार्च का डेडलाइन दिया है। 31 मार्च के बाद सरकार कोई नया बहाना न बना लें। सरकार निर्दोष आदिवासियों को जेल न भेजे। जल जंगल जमीन को उद्योगपतियों को न बेचे।
स्वास्थ्य विभाग की पदस्थापनाओं में भ्रष्टाचार - गुप्ता
रायपुर, 28 मार्च । प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता ने पिछले सप्ताह स्वास्थ्य विभाग के द्वारा जारी प्रतिनियुक्ति पदस्थापना के आदेश पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि इससे पूरे स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक अफरा तफरी मच जाएगी। उन्होंने मंत्री जायसवाल से मांग किया है कि स्वास्थ्य विभाग के सभी पदों पर पिछले ढाई वर्षो से प्रमोशन नहीं हुए हैं सभी विभागों में समयबद्ध प्रमोशन किए जाने चाहिए और सभी स्वीकृत पदों को पारदर्शी प्रशासनिक प्रक्रिया के अंतर्गत भर्ती की जाना चाहिए ताकि स्वास्थ्य विभाग का काम राजधानी और सुदूर जिलों में सुचारू ढंग से चल सके।