रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च। राजधानी सहित प्रदेश में शुक्रवार को मौसम में बदलाव देखा गया। शहर में कई जगहों पर दोपहर बाद आंधी और बारिश हुई। कुछ मिनटों हुई बारिश से लोागों को गर्मी से राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में हल्की बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किया है। इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की है। तेज हवाओं के साथ अचानक मौसम खराब हो सकता है। देर शाम तक बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, गरियाबंद, दुर्ग, जीपीएम, कवर्धा, केसीजी, मुंगेली, कोरबा, कोरिया, बलरामपुर में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में नमी बढ़ी है।
इसके अलावा, वर्तमान में लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। वहीं दक्षिण-पूर्व राजस्थान के आसपास 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला एक चक्रीय परिसंचरण भी सक्रिय है। साथ ही मराठवाड़ा से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक बनी द्रोणिका के कारण वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है, जिससे मौसम में अस्थिरता बनी हुई है। प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।