रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च। भगत सिंह और उनके साथियों के शहादत दिवस पर सोमवार को जन संस्कृति मंच छत्तीसगढ़ ने रायपुर जिले के ग्राम बंगोली में भगत सिंह-अंबेडकर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले जब जसम ने अपना 40 वां स्थापना दिवस समारोह में पुस्तकालय खोलने का संकल्प लिया था।
यह पुस्तकालय लगभग सौ किताबों और 80 ज़रुरी पत्रिकाओं के साथ प्रारंभ कर दिया गया है। इस पुस्तकालय को देश के नामचीन आलोचक सियाराम शर्मा ने महत्वपूर्ण शुरुआत बताया. उन्होंने कहा कि जिस रोज़ हम यह जान लेते हैं कि हमें क्या पढऩा और क्यों पढऩा है...उस रोज़ हमारी जिंदगी बदल जाती है. अच्छी किताबें समाज में संवेदनशील और बेहतरीन नागरिक को तैयार करने का काम करती है।
पुस्तकालय का नाम महान क्रांतिकारी भगत सिंह और संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के नाम से इसलिए रखा गया है क्योंकि दोनों ही विभूतियां पढऩे-लिखने और प्रतिरोध का महत्व समझती थीं।
सीपीआई-एमएल के राज्य सचिव बृजेन्द्र तिवारी ने कहा कि वैचारिक कि़ताबें यह समझने का मौका देती है कि देश और दुनिया में क्या कुछ अच्छा और बुरा घट रहा है. गांव बंगोली के निवासी एवं सीपीआई-एमएल के जिला सचिव नरोत्तम शर्मा ने खुशी जाहिर की। पुस्तकालय के उद्घाटन को राजेन्द्र परगनिहा, मुक्तानंद साहू और तेजराम विद्रोही ने महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृतिकर्मी राजकुमार सोनी ने किया। इस मौके पर निर्झर शर्मा, विद्या यादव, पल्लवी बैरागी, श्वेता, वंदना, संगीता, ममता बैरागी, बिसहत कुर्रे, आरपी गजेन्द्र, एल सांगोडे, भुन्नूराम, केशव साहू सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।
पुस्तकालय के विधिवत संचालन के लिए एक कमेटी भी गठित की गई है।इस कमेटी को पुस्तकों के चयन का अधिकार होगा।