रायपुर

घर से बिना बताए निकली दो नाबालिग भुसावल से बरामद
24-Mar-2026 4:20 PM
घर से बिना बताए निकली दो नाबालिग भुसावल से बरामद

बार बार ट्रेन बदल कर रही थी गुमराह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 मार्च। थाना गुढिय़ारी क्षेत्र अंतर्गत रामनगर से सप्ताह भर  पहले दो बालिकाएं जो आपस में सहेलियां हैं, के गुम होने की रिपोर्ट उनके परिजनों ने थाना में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने बताया कि दोनों बिना सूचना दिए घर से कहीं चली गई थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ ज़ोन) द्वारा तत्काल जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों बालिकाएं पुरी जाने वाली ट्रेन में सवार होती दिखाई दीं। इसके बाद तत्काल जीआरपी से संपर्क स्थापित किया गया।

आगे की जांच में जानकारी मिली कि दोनों बालिकाएं बीच रास्ते में ट्रेन बदलकर अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थीं। पुलिस द्वारा लगातार ट्रैकिंग एवं जीआरपी के समन्वय से ट्रेन का पीछा किया गया और अंतत: भुसावल रेलवे स्टेशन में जीआरपी के सहयोग से दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया।बरामदगी के बाद दोनों बालिकाओं को परिजनों के पहुंचने तक चाइल्ड वेलफेयर कमेटी  में सुरक्षित रखा गया, जिसके पश्चात उन्हें विधिवत परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।  पूछताछ में दोनों बालिकाओं ने बताया कि वे बिना बताए घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं तथा गुमराह करने के लिए बार-बार ट्रेन बदल रही थीं।


अन्य पोस्ट