रायपुर

सीएम कार्यक्रमों की तैयारियों में वर्मा आयोग के निर्देशों का पालन अनिवाय
23-Mar-2026 7:21 PM
 सीएम कार्यक्रमों की तैयारियों में वर्मा आयोग के निर्देशों का पालन अनिवाय

पुलिस कमिश्नर ने कलेक्टर के साथ ली संयुक्त बैठक

वीआईपी सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं- शुक्ला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 मार्च। कानून व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने  कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और  संबंधित विभागों के  जिला अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर  संजीव शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जहां कहीं भी कार्यक्रम हो वहां पर पूर्व से कार्यक्रम प्राप्त कर आयोजन स्थल विजिट करें और आयोजकों से वर्मा कमीशन की रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहें। यह आयोजकों से लिखित में लिया जाए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम चाहे निजी हों या शासकीय, पीडब्ल्यूडी विभाग मंच एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर सीएमएचओ यह सुनिश्चित करें कि कारकेड सहित कार्यक्रम स्थल में चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थित रहें और साथ ही प्रोटोकॉल के अनुरूप आवश्यक दवाईयों की उपलब्धता भी रहे। जिला सेनानी द्वारा प्रत्येक कार्यक्रम में फायर सर्विस सहित आग बुझाने के उपकरण की व्यवस्थाएं रखें। मुख्यमंत्री के हैलीकॉप्टर से उतरने वाले स्थान में सभी तैयारी पुख्ता रखें।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विशेष रूप से  माइक सिस्टम,  विद्युत व्यवस्थाओं की पूर्व जांच सुनिश्चित करें।  ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या न हो। सभी अधिकारी एसओपी का पालन करें।

इस अवसर पर एडीएम  उमाशंकर बंदे, एडीसीपी  दौलत राम पोर्ते, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी, प्रोटोकॉल अधिकारी श्री मुकेश कोठारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजीव नशीने एवं नगर निगम उपायुक्त विनोद पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट