रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 मार्च। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को वार्ड 13 एवं 28 में सांसद निधि से होने वाले 35 लाख की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। देवेंद्र नगर स्थित श्री गुजराती ब्रह्म समाज दयाभवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में श्री अग्रवाल ने शिलापट्ट का अनावरण कर कार्यों की आधारशिला रखी। इन विकास कार्यों के तहत प्रमुख रूप से दयाभवन में द्वितीय तल पर अतिरिक्त भवन निर्माण, श्रीबालाजी विद्या मंदिर स्कूल परिसर में सांस्कृतिक भवन का निर्माण और लोधी पारा स्थित लोधी भवन में सामाजिक कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा पिछले करीब 40 वर्षों में रायपुर में हमने 1000 से अधिक सामुदायिक भवनों का जाल बिछाया है। मेरा लक्ष्य केवल ईंट-गारे की दीवारें खड़ा करना नहीं, बल्कि इन भवनों को जीवंत बनाना है। अब समय आ गया है कि इन भवनों का उपयोग सिलाई, कंप्यूटर प्रशिक्षण और स्किल डेवलपमेंट जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के लिए हो, ताकि हमारी माताएं-बहनें और युवा आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने यहां कंप्यूटर क्लास शुरू करने के लिए 5 लाख रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की।