रायपुर
3.45 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 मार्च। मंदिर हसौद नवा रायपुर स्थित सेक्टर-16 इलाके में टीएमटी सरिया की सप्लाई के दौरान 5 टन सरिया बेचने के आरोप में ट्र्रक चालक के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगा है। घटना 10 जनवरी की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रेक चालक के खिलाफ 318-4, 3-5 का अपराध दर्ज किया है।
चंदन कुमार सिंह निवासी महिला हॉस्टल सेक्टर-16, नया रायपुर ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह निर्माण कार्य से जुड़ा हुआ है और सरिया सप्लाई का कार्य करता है। उसने ट्रेलर वाहन सीजी 04 जेसी 6215 के माध्यम से टीएमटी सरिया मंगवाया था। इस सौदे के तहत उसने 6 लाख 90 हजार रुपए का भुगतान किया।
आरोप है कि आरोपी ट्रक चालक ने सरिया की आपूर्ति में हेराफेरी की । तय मात्रा के अनुसार सरिया नहीं दिया गया और करीब 35 मीट्रिक टन सरिया कम निकला। इस गड़बड़ी के कारण उसे करीब 3 लाख 45 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। उसे जब धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने इसकी शिकायत मंदिर हसौद पुलिस में दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। जांच के दौरान ट्रेलर वाहन और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है।