रायपुर
लगे पेड़ों को काटने विभाग गंभीर, विज्ञानियों की टीम से रिपोर्ट लेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 मार्च। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने विधानसभा में शुक्रवार को फिर एक बार राजधानी और प्रदेश में छातिम वृक्ष रोपने का मुद्दा उठाया और रोक लगाने की मांग की। इस पर पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जो लगें हैं उन्हें तो काटा नहीं जा सकता लेकिन भविष्य में इनकी रोपणी पर वन विभाग के समन्वय से रोक लगाने के आदेश जारी कराएंगे।
प्रश्न काल में सोनी ने अपने तारांकित प्रश्न में पूछा था कि क्या छातिम पेड़ के दुष्प्रभाव को देखते हुए इसके रोपण पर रोक लगाई है ? क्या रोपित वृक्षों को हटाकर अन्य जगह विस्थापित किया जाना प्रस्तावित है?
पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि न तो अभी छातिम वृक्षों का रोपण किया जा रहा है और न इस पर अभी रोक लगाई गई है। और न ही अभी विभाग की ओर से रोपित वृक्षों को हटाने का कोई प्रस्ताव या कार्ययोजना है।
पूरक प्रश्न में सोनी ने कहा कि छातिम के पेड़ बड़ी संख्या में लगें हैं और लगाए जा रहे हैं। इससे लोगों को अस्थमा, एलर्जी और सांस की अन्य बिमारियां हो रही हैं।ये झाड़ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसे देखते हुए मप्र, कर्नाटक, केरला, आंध्र तेलंगाना और असम जैसे राज्यों ने रोक लगा दी है। इनकी जगह पीपल,नीम लगाए जा रहे हैं। जनवरी 26 से मप्र ने आदेश जारी कर काटना शुरू कर दिया है। मंत्री चौधरी ने कहा कि चिंता स्वाभाविक है निश्चित रूप से यह पेड़ हानिकारक है। छातिम से हानि के संबंध में वनस्पति विज्ञानियों का कोई अध्ययन रिपोर्ट नहीं है।क?ई राज्यों ने रोक लगाई है हम उनके आदेश अनुसार वन, स्वास्थ्य विभाग से चर्चा कर काटने का आदेश जारी कर सकते हैं तब तक लगाने
पर रोक लगा देंगे। हमने प्रदेश में। पीपल पेड़ अभियान चलाया था। नवा रायपुर को पीपल सिटी के रूप में विकसित कर रहे हैं। पीपल हमारी आस्था का भी विषय है और यह दिन और रात में भी आक्सीजन देता है। श्री सोनी ने पूछा कि काटने के आदेश कब जारी करेंगे। चौधरी ने कहा कि सप्तपर्णी के रोपण पर रोक लगा देंगे। सोनी ने कहा कि रायपुर की सभी कालोनियों में बड़ी संख्या में लगाए गए हैं और जा रहे हैं।इन पेड़ों को काटने लोग आवेदन भी देने लगे हैं। इन पेड़ों से नुकसान पर सहमति जताते हुए कांग्रेस के भूपेश बघेल ने कहा कि सोनी इतनी जानकारी दे रहे हैं तो आदेश जारी कर दें। या सोनी की अध्यक्षता में विधायकों की कमेटी बनाकर अध्ययन करा लें। अगले सत्र में रिपोर्ट लेकर काटने का आदेश जारी कर दें। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि उनका विभाग इन पेड़ों को लेकर गंभीर है। न मैं न सोनी साइंटिस्ट हैं। हम विज्ञानियों की टीम बना कर शीघ्र निर्णय लेंगे। तब तक नए पेड़ लगाने पर प्रतिबंध लगाएंगे।
नेता प्रतिपक्ष एक्साइटेड हैं....
रायपुर, 20 मार्च। बजट सत्र के अंतिम दिन शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष के पहले प्रश्न को लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने बधाई दी और सदन में आज उनकी स्वायत्तता पर भी चुटकी ली। सभापति धरम लाल कौशिक ने कहा कि नेताजी हमेशा से पहले नंबर ही हैं।
सदन की कार्रवाई शुरू होते ही श्री चंद्राकर ने सभापति से कहा कि इस सत्र में पहली बार नेता प्रतिपक्ष जी का पहला प्रश्न आया है इसलिए जब से वे आए हैं बैठे ही नहीं हैं खड़े हैं। सभापति कौशिक ने कहा कि नेताजी वैसे भी पहले ही नंबर वाले हैं। अजय ने मुस्कुराते हुए कहा कि नेताजी भारी एक्साइटेड (उत्साहित) हैं।इस पर डा महंत ने कहा कि बड़ी मुश्किल से, अजय चंद्राकर की कृपा से पहले नंबर का प्रश्न है। यह पर्यावरण प्रदूषण और आपके हमारे और नागरिकों के स्वास्थ्य से संबंधित है। विभागीय बजट चर्चा में मंत्री ने बड़ा उत्तर दिया है। संभवत: आज भी अधिक समय लगेगा। श्री कौशिक ने कहा कि हम सोच रहे थे कि अंतिम दिन है 25 नंबर प्रश्न तक जाएंगे। सभी का नंबर आ जाएगा। श्री महंत ने कहा कि मंत्री ने हिम्मत करके प्रदूषक उद्योगों पर उत्तर देने का प्रयास किया है। उम्मीद है कि पूरक प्रश्नों का भी देंगे। 15 मिनट तक हुए प्रश्न उत्तर के बाद सभापति कौशिक ने कहा कि प्रश्न भी हो रहे उसके अनुसार उत्तर भी आ रहे हैं। इसके बाद मंत्री जी, नेता प्रतिपक्ष के साथ बैठ जाएं तो क्लियर हो जाएगा। महंत ने चुटकी ली कि बैठते नहीं हैं यही तो समस्या है। कौशिक ने मंत्री से कहा बैठ जाएंगे न । अलग से विस्तृत जानकारी दे दें। लंबे प्रश्नोत्तर पर चंद्राकर ने कहा कि ये प्रश्न काल है कि चर्चा काल। तो मंत्री चौधरी ने कहा कि नेताजी ने महत्वपूर्ण विषय उठाया है। 1990 से छत्तीसगढ़ में औद्योगिकीकरण की शुरुआत हुई थी। और अब सरकार पर्यावरण की दृष्टि से नियम कानून लागू कर रही है। श्री महंत ने कहा कि पर पर्यावरण मंडल में कमंडल लेकर बैठे हैं न इसलिए कार्रवाई नहीं हो रही। जांच टीम जाने से पहले उद्योग वालों को पता चल जाता है।
इसके बाद के अन्य विधायकों के प्रश्नों की चर्चा में भी श्री महंत ने पूरक प्रश्न पूछे।इस पर श्री चंद्राकर ने चुटकी ली कि आज नेताजी को स्वायत्तता प्राप्त है बधाई। (चंद्राकर का इशारा भूपेश बघेल के देर से आने की ओर था)।