रायपुर

बिना मांग के मकान दुकान नहीं बनाएगा गृनिमं- चौधरी
19-Mar-2026 9:59 PM
बिना मांग के मकान दुकान नहीं बनाएगा गृनिमं- चौधरी

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 मार्च। आवास मंत्री ओपी चौधरी ने आज विधानसभा में बताया कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने अपनी आवासीय योजना निर्माण नीति में संशोधन किया है। यह बदलाव मंडल के 54 साल के इतिहास (अविभाज्य मप्र को शामिल करते हुए) बाद किया गया है। चौधरी ने कहा कि अब बिना मांग और बुकिंग के गृह निर्माण मंडल मकान दुकान नहीं बनाएगा। इसी तरह से  किसी आवासीय योजना में 60 फीसदी बुकिंग होने पर ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

बता दें कि आवास पर्यावरण विभाग के इस प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट ने पूर्व में मंजूरी दी थी।

राज्य में आवासीय और शहरी अधोसंरचना विकास को व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अधिनियम, 1972 (संशोधन) विधेयक 2026  ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। संशोधन के तहत मंडल को केवल आवास निर्माण तक सीमित न रखते हुए टाउन प्लानिंग स्कीम, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप  जॉइंट वेंचर, रिडेवलपमेंट, स्लम पुनर्विकास और मिश्रित भूमि उपयोग जैसी आधुनिक विकास अवधारणाओं को लागू करने की अनुमति दी गई है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल द्वारा लगभग 3,050 करोड़ रुपये की लागत से 78 नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। राज्य शासन द्वारा 735 करोड़ रुपये का ऋण भुगतान कर मंडल को ऋणमुक्त किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (2.0) के अंतर्गत 2,000 ईडब्ल्यूएस आवासों के निर्माण को स्वीकृति मिली है। मंत्री श्री चौधरी ने बताया कि 650 करोड़ रुपये से अधिक की 6 रिडेवलपमेंट परियोजनाओं की डीपीआर तैयार हो चुकी है।  वर्तमान में मंडल छत्तीसगढ़ के 33 में से 27 जिलों में सक्रिय है और प्रक्रियात्मक सुधारों के माध्यम से रजिस्ट्री के साथ भौतिक कब्जा सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा, 858 करोड़ रुपये की लागत से 146 विकासखंडों में शासकीय आवासों का निर्माण कर मंडल ने अपनी तकनीकी क्षमता भी सिद्ध की है।

उन्होंने कहा कि रायपुर, नवा रायपुर, भिलाई-दुर्ग और राजनांदगांव को एकीकृत कर एक शहरी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें गृह निर्माण मंडल की भूमिका अहम होगी।

अंत में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह संशोधन गृह निर्माण मंडल को एक सशक्त, सक्षम और बहुआयामी संस्था के रूप में स्थापित करेगा।


अन्य पोस्ट