रायपुर

नवरात्रि के पहले दिन मौसम की नर्मी, अगले 5 दिन राहत
19-Mar-2026 6:14 PM
नवरात्रि के पहले दिन मौसम की नर्मी, अगले 5 दिन राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 19 मार्च। नवरात्रि के पहले दिने व्रतियों के लिए मौसम राहत भरा रहा। सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान मेघमय रहा। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिलते दिख रही है। वैसे प्रदेश में पिछले दो तीन दिनों से मौसम में बदलाव देखा गया है। मंगल-बुध को कई जिलों में बारिश और ओला वृष्टि हुई। वहीं आज-कल के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चलने की संभावना है। बदली बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 35.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 19.2डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में दो प्रमुख मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के मध्य भाग में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका भी नमी ला रही है, जिससे वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है। इससे मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है।

मौसम विभाग ने आज 19 -20 मार्च के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ की संभावना जताई जा रही है। आकाश आंशिक रूप से बदल छाये रहेंगे। वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटों के पडऩे की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच कुछ जगहों पर आंधी तूफान चलने की सम्भावना है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 3-5डिग्री की गिरावट बनी रहेगी।


अन्य पोस्ट