रायपुर
घोषणा की कि राजधानी के स्कूलों का निरीक्षण करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मार्च। स्कूलों के युक्तिकरण को लेकर बुधवार वार को विधानसभा में सत्ता पक्ष के विधायकों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को जमकर घेरा। इस पर यादव ने विधानसभा में घोषणा की कि वे राजधानी के स्कूलों में सुविधाओं की उपलब्धता और कमी का निरीक्षण करेंगे। वे प्रश्न काल में विधायक सुनील सोनी, अजय चंद्राकर, राजेश मूणत के प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे।
सोनी ने अपने मूल प्रश्न में जानना चाहा कि युक्तियुक्तकरण में जो स्कूल भवन खाली हुए हैं उनके भवनो का क्या उपयोग कर रहे हैं। इस पर मंत्री यादव ने कहा कि युक्तियुक्तकरण इसी सत्र से लागू किया गया है।और आज भी कई शिक्षकों ने नई जगह ज्वाइन नहीं किया है। विभाग ने 10538 स्कूलों का युक्तिकरण किया है। इनमें से 10372 एक ही भवन परिसर के स्कूल हैं। इनमें से 166 स्कूलों के भवन रिक्त हैं।
नए सत्र से इनके उपयोग की योजना बना रहे हैं कि स्मार्ट स्कूल, बालवाड़ी खोलकर कैसे किया जाए। सोनी ने कहा कि मर्ज स्कूल का क्या उपयोग करेंगे? मंत्री यादव ने कहा कि कहीं 2-4 कक्ष वाले स्कूल भवन हैं। विभाग की टीम भ्रमण कर उपयोग का मूल्यांकन करेगी। यदि कहीं हाई और हायर सेकंडरी मर्ज हुए हैं तो वहां रिक्त भवन में स्मार्ट क्लास जैसे उपयोग पर विचार चल रहा है। श्री सोनी ने कहा कि एक ओर तो हम विकसित छत्तीसगढ़ की बात कह रहे हैं और दूसरी ओर राजधानी के आरडी तिवारी, गनपत सिंधी, मठपुरैना स्कूल जर्जर भवन में चला रहे हैं। क्या नवीन भवन के लिए अनुदान देंगे या रिक्त भवन देंगे। मंत्री यादव ने कहा कि रायपुर जिले में 1200 प्राथमिक, 507 मिडिल स्कूल हैं,जहां जैसी आवश्यक है प्राथमिकता से राशि देकर दुरूस्त कराएंगे। सोनी ने कहा कि विभाग ने तो मिडिल स्कूल का अनुदान कम कर दिया है। क्या इसे बढ़ाएंगे? श्री यादव ने बताया कि छात्रों की दर्ज संख्या अनुसार अनुदान दिया जाता है।
पूर्व मंत्री वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पूरक प्रश्न में पूछा कि युक्तियुक्तकरण स्कूलों का किया गया या स्कूलों का इनकी परिसंपत्तियों का क्या उपयोग और कब तक करेंगे? मंत्री ने बताया कि स्कूलों का युक्तिकरण किया गया है। इनमें से 10372 एक परिसर वाले प्रायमरी, मिडिल,हाई और हायर सेकंडरी स्कूल हैं। 166 स्कूल ही अलग अलग हैं। चंद्राकर ने कहा कि पहली बार स्कूलों भवनों के युक्तिकरण की बात आई है। कितने स्कूल बंद हुए हैं। श्री यादव ने बताया कि 166 ही बंद हुए हैं। केवल प्रायमरी मिडिल स्कूल हैं।
नए सत्र से इनके भवनों का उपयोग करेंगे। वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने जानना चाहा कि केवल रायपुर जिले में 167 स्कूलों का युक्तिकरण करना बताया गया है। कहां मर्ज किया जहां प्राथमिक स्कूल चल रहे थे वहां मिडिल भी दे दिया। लेकिन सुविधाएं नहीं दी।इस पर जब डीईओ, संचालक और मंत्री से मैंने स्वयं बात की लिख कर दिया तो इन अधिकारियों को आज 5 माह बाद भी जवाब देने या निरीक्षण निर्देश का समय नहीं मिला। मैंने स्वयं दरी काट पट्टी खरीद कर दिया। मूणत ने शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म करेंगे। मंत्री ने कहा कि अनुदान जारी कर रहे हैं 31 मार्च के पहले कर देंगे। उन्होंने कहा कि रायपुर शहर में 389 स्कूलों में 385 एक ही भवन वाले हैं। केवल 4 भवन खाली हैं। भवन अच्छे होंगे तो स्मार्ट स्कूल बनाएंगे। मूणत ने मंत्री से रायपुर शहर की स्कूलों का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लेने कहा । तो यादव ने हामी भरी।