रायपुर
गोदावरी समूह को आबंटन पर कांग्रेस विधायकों ने उद्योग मंत्री को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 मार्च। गोदवारी पावर एंड स्टील लिमिटेड को सरायपाली के जंगलबेड़ा में भू आबंटन पर कांग्रेस विधायकों ने उद्योग मंत्री लखन देवांगन को जमकर घेरा। यादव ने सब कुछ सौर ऊर्जा उद्योग नीति अनुसार निवेश आफर के तहत करने की बात कही।
प्रश्न काल में विधायक चातुरी नंद ने अपने मूल प्रश्न पर मंत्री के लिखित उत्तर के जरिए कहा कि गोदावरी समूह को 102.93 हेक्टेयर (यानी 253 एकड़)शासकीय भूमि मात्र 4.82 लाख रुपए के रेंट पर 99 वर्ष की लीज पर दी गई। केवल सोलर प्लांट के लिए इतनी बड़ी जमीन का निर्धारण सरकार में किस स्तर पर हुआ था? उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि उद्योग समूह की मांग के अनुसार विभाग ने प्रक्रिया अपनाते हुए दी है। इसके लिए 4-12-24 को निवेश पत्र भी निष्पादित किया गया और जंगलबेड़ा ग्राम सभा ने भी पारित किया था। श्रीमती नंद ने कहा कि आबंटन नियमों को ताक पर रख कर किया गया था। मंत्री ने इंकार करते हुए कहा कि कलेक्टर के आदेश पर दी गई और विस्तृत जानकारी देने की बात कही। श्रीमती नंद ने कहा कि मंत्री उत्तर में झूठ और गुमराह कर रहे हैं। क्योंकि कलेक्टर ने यह जमीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए आबंटित की थी किसी उद्योग विशेष के लिए नहीं। मंत्री ने फिर दोहराया कि नियम प्रक्रिया के तहत हुआ है। कांग्रेस के ही द्वारिकाधीश यादव ने पूरे प्रश्न में कहा कि 253 एकड़ जमीन 4-5 लाख रुपए में आबंटित की गई। कौन सी प्रक्रिया में इतनी कम राशि का लीज रेंट तय होता है बताएं? मंत्री ने कहा कि उद्योग को 28 लाख रुपए सालाना रेंट भी जमा करना होगा। चातुरी ने कहा कि गोदावरी समूह ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन कर पेड़ों को काटा, जमीन से बहने वाले नदी नाले तालाब को भी पाप दिया है। ग्रामीण आंदोलन कर चुके हैं। इस नियम विरुद्ध कार्य के लिए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे? उद्योग मंत्री ने बताया कि विधायक के पत्र पर कलेक्टर ने जांच समिति का गठन किया हुआ है उसकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच सभापति धरम लाल कौशिक ने सभी प्रश्नों पर मंत्री के उत्तर आने की बात कहते हुए अगले प्रश्न के जरिए सुशांत शुक्ला का नाम पुकारा। मंत्री जवाब भी देने लगे। इस पर श्रीमती नंद ने कहा कि मेरे प्रश्नों के उत्तर नहीं आए हैं और दूसरे प्रश्न में आ गए हैं गलत है।