रायपुर

मूल प्रश्न बदले जाने पर विधायकों ने वन मंत्री को घेरा, कहा-कंपनी को बचाने अफसरों ने बदलवाया
17-Mar-2026 8:05 PM
मूल प्रश्न बदले जाने पर विधायकों ने वन मंत्री को घेरा, कहा-कंपनी को बचाने अफसरों ने बदलवाया

मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस का बहिर्गमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 मार्च। कांग्रेस विधायक चातूरी नंद के तारांकित प्रश्न का मूल स्वरूप बदले जाने का मामला सदन में गूंजा। इस पर  सभापति धरम लाल कौशिक ने व्यवस्था दी कि प्रश्न में ग्राह्य योग्य बनाने समयावधि तय की गई थी।

मंगलवार को प्रश्न काल में विधायक चातुरी नंद ने अपने प्रश्न का स्वरूप बदलने पर कड़ी आपत्ति की। उन्होंने कहा कि मेरे प्रश्न का संशोधन कर दिया गया है। मैंने समयावधि तय न करते हुए प्रश्न किया था। और और मुद्रित प्रश्न में समयावधि तय कर दी गई। इससे विभाग को प्रश्न उदभुत नहीं होता का जवाब देने का अवसर मिल गया है। और इसके बाद भी जवाब सही नहीं है। इस पर वरिष्ठ विधायक भूपेश बघेल ने कहा कि यह गंभीर बात है कि मूल प्रश्न ही बदल दिया गया है। स्पष्ट है कि विभाग (वन) के अधिकारियों ने विधानसभा सचिवालय से एप्रोच कर बदलवाया होगा। बचने बचाने के लिए। इस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आसंदी से इस पर व्यवस्था आनी चाहिए। वन मंत्री केदार कश्यप ने इंकार करते हुए कहा कि गलत आरोप लगाया जा रहा है वास्तविक प्रश्न देख लें। चातुरी नंद ने कहा कि सही कह रही हूं,मेरा मूल प्रश्न सदन पटल पर रखती हूं देख लें बदल दिया गया है। इस पर श्री बघेल ने कहा कि मामला सदन में आ चुका है आसंदी जांच करा लें। सही होने पर आधे घंटे की चर्चा करा ली जाए। क्योंकि प्रश्न का स्वरूप ही बदल गया है।जो अनुचित है। विभाग ने बदलवाया है जांच होनी चाहिए। संसदीय (वन) मंत्री कश्यप ने आपत्ति की कि विधानसभा सचिवालय पर यह आरोप उचित नहीं है। बघेल ने कहा कि नहीं लगाया है विभाग पर है।यह स्पष्ट कर चुका हूं। इस पर सभापति कौशिक ने व्यवस्था दी कि मूल प्रश्न में अनिश्चित समयावधि होने से प्रश्न की ग्राह्यता में संभव न होने से अवधि तय कर ग्राह्य किया गया है।

इस व्यवस्था के बाद श्रीमती नंद ने पूछा कि सरायपाली में गोदावरी सोलर प्लांट के लिए वन विभाग की नर्सरी की जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। इसके विरोध में ग्रामीण डेढ़ माह से हड़ताल पर बैठे हैं। इसके बाद भी असत्य जवाब दिया गया है। क्या  नर्सरी उजाडऩे वाले ऐसे अफसरों पर कार्रवाई करेंगे? वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वह जमीन वन विभाग की नहीं राजस्व की है। इस जवाब के विरोध में पूर्व सीएम बघेल ने विधायकों के बहिर्गमन की घोषणा की।

 

नजूल भूमि पर भू-भाटक के नए निर्देश 3 माह के भीतर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 मार्च। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज विधानसभा में घोषणा की कि नजूल भूमि पट्टे पर भू भाटक निर्धारण के नए नियम निर्देश 3 माह के भीतर तैयार कर कलेक्टरों को जारी कर दिए जाएंगे।

मंगलवार को विधानसभा में यह मामला कांग्रेस के देवेन्द्र यादव सावित्री मंडावी ने प्रश्न काल में उठाया था। अपने तारांकित प्रश्न में यादव ने कहा कि नजूल भूमि पर भू भाटक वसूली में कब्जे की तिथि वर्ष में छूट देंगे क्या। या कमेटी बनाकर नई दरें लागू करेंगे। क्योंकि राजनांदगांव में कब्जा डेट से वसूला जा रहा है। मंत्री वर्मा ने कहा कि नजूल भूमि का भू भाटक हर वर्ष कब्जा  के दिन से रजिस्ट्री तिथि वर्ष के 1 अप्रैल की तिथि तक लिया जाता है। यह नियम और दरें 4-2-20 से अधिसूचित किया गया है।

विधायक यादव ने कहा कि राजनांदगांव में कलेक्टर आज की तिथि अनुसार वसूली कर रहे हैं। जो व्यक्ति 50-60-70 वर्ष से रह रहे उनसे लाखों करोड़ों रुपए में आज के बाजार मूल्य पर भू भाटक लिया जा रहा है। लोग आर्थिक रूप से परेशान हैं क्या गणना वर्ष नवंबर 2000 अनुसार करेंगे? मंत्री वर्मा ने कहा कि 2015 के निर्देशों में स्पष्टता नहीं थी इसलिए राजनांदगांव में दिक्कत आई है ? राजस्व विभाग नया ड्राफ्ट तैयार कर रहा है। इसके अनुसार 10-15 वर्ष से अधिक नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि भू भाटक के निर्देश 2015,19,20,22और 24 में जारी किए गए थे। 2015 के निर्देश में स्पष्टता नहीं थी। नए निर्दैश का ड्राफ्ट जल्द तैयार कर लिया जाएगा। सावित्री मंडावी ने राजनांदगांव मामले की जांच कराने का प्रश्न पूछने पर मंत्री ने कहा कि नया ड्राफ्ट 3 माह में तैयार कर जिला कलेक्टरों को जारी कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट