रायपुर

युक्तियुक्तकरण 16 हजार 365 शिक्षक, 10 हजार 538 शालाएं प्रभावित
17-Dec-2025 8:11 PM
 युक्तियुक्तकरण 16 हजार 365 शिक्षक, 10 हजार 538 शालाएं प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 दिसंबर। विधानसभा में आज शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण का मामला उठा। कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने इस वर्ष 2025 में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किए गए युक्तियुक्तकरण की विस्तृत जानकारी मांगी है।

 स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने लिखित उत्तर में कहा   वर्ष 2025 में किए गए युक्तियुक्तकरण से पूरे प्रदेश में कुल 16 हजार 365 शिक्षक और 10 हजार 538 शालाएं प्रभावित हुई हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार रायपुर जिले में 645 शिक्षक और 389 शालाएं, महासमुंद में 700 शिक्षक और 440 शालाएं, धमतरी में 359 शिक्षक और 415 शालाएं, बलौदाबाजार-भाटापारा में 513 शिक्षक और 406 शालाएं तथा गरियाबंद में 403 शिक्षक और 420 शालाएं प्रभावित हुई हैं।

इसी तरह दुर्ग जिले में 628 शिक्षक और 352 शालाएं, बालोद में 695 शिक्षक और 354 शालाएं, बेमेतरा में 344 शिक्षक और 360 शालाएं, राजनांदगांव में 409 शिक्षक और 349 शालाएं, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 156 शिक्षक और 157 शालाएं तथा मोहला-मानपुर जिले में 178 शिक्षक और 210 शालाएं युक्तियुक्तकरण की जद में आई हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार कबीरधाम जिले में 276 शिक्षक और 375 शालाएं, बिलासपुर में 751 शिक्षक और 431 शालाएं, जांजगीर-चांपा में 546 शिक्षक और 366 शालाएं, सक्ती में 500 शिक्षक और 342 शालाएं, कोरबा में 505 शिक्षक और 469 शालाएं, मुंगेली में 278 शिक्षक और 337 शालाएं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 236 शिक्षक और 205 शालाएं तथा रायगढ़ जिले में 961 शिक्षक और 557 शालाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 562 शिक्षक और 378 शालाएं, सरगुजा में 985 शिक्षक और 227 शालाएं, कोरिया में 122 शिक्षक और 75 शालाएं तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 242 शिक्षक और 196 शालाएं इस प्रक्रिया से प्रभावित बताई गई हैं।

 

और मंत्री यादव को नहीं मिला यह अवसर....

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 दिसंबर।  विधानसभा का आज का प्रश्नकाल पूरी तरह हंगामे की भेंट चढ़ गया। सदन में शिक्षा, वित्त, गृह और वन मंत्री के विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न सूचीबद्ध थे, लेकिन लगातार व्यवधान और विरोध-प्रदर्शन के कारण एक भी प्रश्न पर चर्चा नहीं हो सकी। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के चलते विधानसभा की कार्यवाही पहले  दो बार और फिर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

इसके चलते शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को आज पहली बार सदन में प्रश्नों के उत्तर देना था, लेकिन हंगामे के चलते उन्हें जवाब देने का अवसर ही नहीं मिल सका।


अन्य पोस्ट