रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर शाम मारपीट की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। सभी मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आमानाका पुलिस के मुताबिक राजीव नगर महोबा बाजार निवासी संजय निर्मलकर ने अपने मुंह बोले भाई गोलू सहानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संजय ने बताया कि गोलू बचपन से उनके साथ रहता है, लेकिन हाल ही में घर बेचने को लेकर झगड़ा कर रहा था। गुरुवार रात करीब आठ बजे गोलू ने विवाद के दौरान गाली गलौज करते हुए धारदार वस्तु से संजय की मां सकुन निर्मलकर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने गई उनकी बेटी तान्या निर्मलकर को भी चोटें आईं। मोहल्लेवालों के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से भाग गया।
उधर सिविलि लाइन इलाके में नर्मदा पारा निवासी वेदांत ठाकुर, जो बी.बी.ए सेकंड ईयर का छात्र है, ने बताया कि वह अपने दादा के हार्डवेयर की दुकान पर बैठा था, तभी एक अज्ञात युवक नशे की हालत में दुकान के अंदर घुस गया। बाहर निकालने पर उसने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला किया। बाद में वह अपने दो साथियों के साथ लौटकर आया और वेदांत तथा उनके चाचा दीपक ठाकुर से भी मारपीट की। दोनों को चोटें आईं।
डीडी नगर के बंजारी नगर निवासी रामेश्वर प्रसाद निर्मलकर ने पड़ोसी हर्ष यादव और उसकी मां सीमा यादव पर पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। दोपहर करीब 1 बजे हुई इस घटना में दोनों ने मिलकर रामेश्वर पर हाथ-मुक्कों और डंडे से हमला किया। जिससे उनके गाल और कमर में चोटें आईं।
उधर गंज में भी मारपीट की घटनाएं हुई। अवंति विहार निवासी और व्यापारी बीरेंद्र जायसवाल ने अपनी पूर्व कर्मचारी निक्की विश्वकर्मा पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, निक्की पहले बीरेंद्र की दुकान में कंप्यूटर ऑपरेटर थी और नौकरी छोड़ चुकी थी। 29 अक्टूबर को वह स्टील की पानी की बोतल लेकर दुकान पहुंची और गाली-गलौज करते हुए बोतल से हमला किया। पुलिस ने सभी मामलों में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।


