रायपुर

निगम के सफाई वाहनों के ड्राइवर, अन्य कर्मी हड़ताल पर
13-Jan-2026 10:20 PM
निगम के सफाई वाहनों के ड्राइवर, अन्य कर्मी हड़ताल पर

रायपुर, 13 जनवरी। नगर निगम के सफाई वाहनों के ड्राइवर और अन्य कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। सभी लोग दलदल सिवनी स्थित डिपो में गाडिय़ां खड़ी कर धरने पर बैठ गए हैं। सभी लोग अपना वेतन और अन्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इन लोगों ने  दीपावली से पहले भी हड़ताल किया था तब ठेका फर्म से चर्चा में इन कर्मियों ने 31 दिसंबर तक समय दिया था।

इस अल्टीमेटम के अनुसार ही आज काम बंद कर दिया है।आम आदमी पार्टी कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा एवं यूथ विंग के अध्यक्ष इमरान खान ने बताया है कि नगर निगम छोटे से छोटे चिकित्सालय से 18,000/- रुपए प्रति माह यूजर चार्ज लेती है। चाय दुकान, पान दुकान, होटलों व घरों से यूजर चार्ज के रूप में करोड़ों रुपए वसूल करती है। यह राशि घोटाले में डूब गई है। इसी राशि से कचरा उठाने वाले वाहन चालकों को वेतन भुगतान होता था। वेतन की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद भी वेतन भुगतान नहीं हुआ?।

अंतत: नव वर्ष में भूखे प्यासे परिवार का पालन पोषण न कर पाने वाली ऐसे सफाई कर्मचारी आज आंदोलन कर दलदल सिवनी में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू, कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल, प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय,देवलाल नरेटी, नंदन कुमार सिंह,एम एम हैदरी, अन्यतम शुक्ला, मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी, दुर्गा झा, आर एस ठाकुर, नवनीत नंदे, संतोष कुशवाहा, सागर क्षीरसागर, नरेंद्र ठाकुर, कलावती मार्को, मिथलेश साहू, सनोज दास आदि नेताओं ने आंदोलन का समर्थन करते हुए तत्काल मुख्यमंत्री से मांग की है कि स्वच्छ भारत के सिपाहियों को तत्काल वेतन भुगतान किया जावे।


अन्य पोस्ट