रायपुर

प्रदेश की कानून व्यवस्था डराने लगी है- बैज
29-Oct-2025 7:44 PM
प्रदेश की कानून व्यवस्था डराने लगी है- बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए  कल  मस्तूरी में हुए शूट आउट पर  कहा कि प्रदेश में एक और डरावनी घटना हुई।

एक व्यक्ति के कार्यालय में तीन लोगों ने सरे आम हमला बोला और दस से अधिक राउंड गोलियां चला के फरार हो गए। प्रदेश में यह क्या हो रहा? राजधानी में 6 गोलीबारी की घटना हो गई। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में एक दुकानदार को गोली मार दी गई थी।

प्रदेश के हर शहर में रोज बलात्कार, लूट, हत्या, चाकूबाजी, डकैती की घटना हो रही है। राजधानी में तीन दिन में 45 चाकूबाजी की घटना हो जाती है। गृह मंत्री का गृह जिला तो अपराध की राजधानी बन गया है। सरकार कानून व्यवस्था संभाल पाने में असफल साबित हो गई है।

 बैज ने  मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर  मांग की  है कि  चुनाव आयोग यह सुनिश्चित करे कि एस आई आर के काम में पारदर्शिता और ईमानदारी हो।  बीएलओ हर घर में भौतिक रूप से जरूर पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए और बीएलओ जब मतदाता के घर आए तो  उसके आने का पुष्टि प्रमाण पत्र मतदाता से लिखवा कर ले। इससे यह सुनिश्चित हो जाएगा कि बीएलओ ने एक जगह बैठ कर कागजी सर्वे नहीं किया।

किसी मतदाता का नाम सूची से काटा जाए तो वह अपात्र है यह प्रमाणित करने का दायित्व आयोग का होना चाहिए न कि मतदाता का। मतदाता को उसके दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा समय दिया जाए।

ईओडब्ल्यू छापों पर

उपाध्याय का वार जायसवाल का पलटवार

डीएम एफ घोटाले को लेकर बुधवार को ईओडब्ल्यू की छापेमारी पर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप भी हुए हैं। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि 1 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी आ रहे हैं। प्रदेश में व्याप्त ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने राज्य सरकार ने ईओडब्ल्यू के जरिए छापे डलवाए है।

इसपर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि करप्शन पर जीरो टालरेंस के तहत एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।ऐसी कार्रवाइयों से भ्रष्टाचारियों में डर बना रहेगा। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि दो साल हो गए है कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए, लेकिन उनके कुकर्मों की स्याही अभी मिटी नहीं है।


अन्य पोस्ट