रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 अक्टूबर। चक्रवात मोथा के असर से दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ का मौसम बदल गया है। मौसम का यह सिलसिला अगले तीन से पांच दिन बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डॉ. गायत्री ने बताया कि अगले 24 घंटे में तूफान मोथा उत्तर, पश्चिम की ओर बढक़र मंगलवार रात काकीनाड़ा तट आंध्रप्रदेश से टकराएगा। उसके बाद आगे बढ़ते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसे देखते हुए बस्तर के लिए मंगलवार को रेड अलर्ट जारी किया गया है। जहां भारी से अतिभारी बारिश होगी। जो 200 एमएम तक हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 60 से 80 प्रति घंटे की रफ्तार में चलेगी। इंद्रावति नदी के आसपास बाढ़ जैसे हालात हो सकते हैं। 29 अक्टूबर को बस्तर से लगे रायपुर दुर्ग संभाग के जिलों में अति बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा होगी। 30 अक्टूबर को यह तूफान कमजोर होकर उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके चलते बिलासपुर सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। अभी ये तूफान पोर्टब्लेयर से 620 किमी पश्चिम चेन्नई से 780 किमी, दक्षिण पूर्व और विशाखापटनम से 830 किमी दक्षिण पूर्व में एक्टिव है। वर्षा के मुख्य आंकड़े (सेमी में):- खडग़ांव 8, औंधी, मानपुर 7, नारायणपुर, गीदम 6, दुर्गकोंदल, छोटेडोंगर, भैरमगढ़ 5, मोहला, दंतेवाड़ा, कुमारदा 4, भानुप्रतापपुर 4, ओरछा, बारसूर, अंबागढ़ चौकी, मर्दापाल, छुरिया 3, लोहांडीगुड़ा, लाल बहादुर नगर, धनोरा, बीजापुर, खैरागढ़, पखांजूर, फरसगांव 2, गंगालूर, भोपालपटनम, कोंडागांव, डौंडी, छुईखदान।
कल के लिए पूर्वानुमान/ चेतावनी
प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात होने की संभावना है। दष्टिकोण / (2 दिनों के बाद)- प्रदेश में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।


