रायपुर

नवरात्र 22 से इस बार 10 दिनों तक
11-Sep-2025 7:13 PM
नवरात्र 22 से इस बार 10 दिनों तक

 शहर के देवी मंदिर, चौक चौराहों पर सजने लगे पंडाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 सितम्बर। पितृ पक्ष का समापन 21 सितम्बर को हो रहा है। उसके दूसरे दिन से ही नवरात्र का प्रारंभ होगा। इसके लिए राजधानी और प्रदेशभर में माता मूर्ति स्थापना के लिए तैयारियां जोरों पर है। शहर के देवी मंदिरों में साज सज्जा और शहर के चौक चौराहों में भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं। इस दौरान प्रदेशभर में देवी महिमा की धूम रहने वाली है। भक्त इस बार 10 दिनों तक माता की सेवा करेंगे।

हिन्दू पंचांग के अनुसार शारदीय नवरात्र की शुरुआत इस वर्ष 22 सितंबर से हो रही है। आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि का आरंभ 22 सितंबर को रात 1:23 बजे होगा। नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। व्रत रखने वाले श्रद्धालु नवमी तिथि को कन्या पूजन करते हैं और दशमी के दिन रावण दहन की परंपरा निभाई जाती है। इस वर्ष पंचांग के अनुसार श्राद्ध पक्ष में एक तिथि का क्षय और नवरात्रि में एक तिथि की वृद्धि हो रही है। यही कारण है कि इस साल नवरात्र 10 दिन का होगा।

ज्योतिर्विदों के अनुसार इस बार नवरात्र में चतुर्थी तिथि 25-26 सितम्बर को दो दिनों का होगा। सोमवार को नवरात्र का प्रारंभ बहुत ही शुभ माना जा रहा है। इस बार माता हाथी सवार होकर आ रही है। जिसे अति शुभ फलदायक माना जाता है। ज्योतिर्विदों का कहना है कि माता का आगमन अत्यंत शुभ कारक है, जिससे नवरात्र का प्रभाव और भी मंगलकारी होगा।

कलश स्थापना : 22 सितंबर 2025 को की जाएगी। सोमवार को मूल नक्षत्र के संयोग में दोपहर 12:26 बजे से पहले पूजा पंडालों में देवी प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।

अक्षरधाम में विराजेंगी मां दुर्गा

प्रदेश और राजधानी में क्वांर नवरात्रि की तैयारियां जोरों पर है। बंगाल समुदाय का यह वार्षिक त्योहार होता है।इसे  वे दुर्गा पूजा के रूप मनाते हैं। बंगाली बहुल माना बस्ती में विशाल दुर्गा पंडाल आकार ले रहा है। इस बार अक्षर धाम के तर्ज पर  पंडाल सजाया जा रहा है। करीब दो महीने पहले ही  काम शुरू कर दिया गया था।यह पंडाल लगभग 65 फीट क्षेत्र में 20लाख की लागत से बनाया जा रहा है। इस कार्य में जुटे सभी कलाकार कोलकाता से आए हुए हैं।


अन्य पोस्ट