रायपुर

कल के बाद फिर ठंड बढऩे की संभावना
14-Jan-2026 8:29 PM
कल के बाद फिर ठंड  बढऩे की संभावना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 जनवरी। यूं तो ऐसी मान्यता है कि मकर संक्रांति के बाद सूर्य के उत्तरायण होते ही ठंड में कमी और गुनगुनी धूप में तेजी आती है। लेकिन इस बार मौसम के इस पैटर्न में कुछ बदलाव आया है। 15 जनवरी के बाद भी प्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है और शीतलहर की स्थिति फिर से बन सकती है।

इस समय छत्तीसगढ़ के सभी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी युक्त हवाओं के कारण अगले तीन दिनों तक मौसम में ठहराव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की दिशा में बदलाव होने से तापमान में एक बार फिर गिरावट का दौर शुरू होगा।

राज्य के उत्तरी इलाकों में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। विशेषकर बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दक्षिणी क्षेत्र के दंतेवाड़ा और बस्तर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मध्य इलाकों में फिलहाल सर्द हवाओं से कुछ राहत बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। सीमावर्ती इलाकों में तेज ठंड का असर है, हालांकि पाला जमने की स्थिति में फिलहाल थोड़ा विराम देखने को मिला है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले तीन दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है।


अन्य पोस्ट