रायपुर

तीन साझेदारों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर 20 हेक्टेयर हड़पा, एफआईआर
11-Jul-2025 7:10 PM
तीन साझेदारों ने फर्जी दस्तावेज बनाकर 20 हेक्टेयर हड़पा, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जुलाई। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन जिसमें रूप्पी रिसोर्सेस प्रा. लि. के डायरेक्टर मनोज यादव ने अपने तीन साझेदारों पर  फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से करोड़ों की भूमि हड़पने का आरोप लगाया है।

मनोज यादव ने सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी नरेंद्र अग्रवाल, हेमंत लुकंड, पुनमचंद लुकंड और मयूर चंदुभाई खानपारा ने मिलकर स्वास्तिक प्रोजेक्ट्स नाम के फर्म की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी कर दी।

मनोज ने बताया कि उनकी कंपनी के स्वामित्व में ग्राम डोमा, जिला रायपुर में करीब 20.249 हेक्टेयर भूमि है, जिसके विकास के लिए वर्ष 2019 में स्वास्तिक प्रोजेक्ट्स नाम का फर्म बनाया गया था। इस फर्म में केवल दो ही साझेदार उनकी कंपनी और नरेंद्र अग्रवाल थे। लेकिन वर्ष 2025 में मयूर खानपारा द्वारा एक कानूनी नोटिस भेजा गया, जिसमें झूठा दावा किया गया कि फर्म में चार अन्य साझेदार भी हैं।

इतना ही नहीं, 5 मार्च और 5 जून 2025 को समाचार पत्र के माध्यम से झूठी भागीदारी की जानकारी दी गई। जबकि फर्म के पेन नंबर और पंजीकृत दस्तावेजों से आरोपियों ने  अलग से फर्जी संस्था तैयार कर उसे असल फर्म बताया गया।

मनोज यादव का आरोप है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश कंपनी की संपत्ति हड़पने के लिए किया गया है। उन्होंने इस संबंध में सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 318-4, 338, 336-3, 340-2और 61-2 का अपराध दर्ज किया है।

लिंक भेजकर मोबाइल हैक किया

राजेंद्र नगर इलाके में मोबाइल हैक करने का मामला प्रकाश में आया है। अज्ञात व्यक्ति ने लाविस्टा, अमलीडीह निवासी अभिजीत सिंह के मोबाइल पर वाट्सअप पर लिंक भेज कर हैक कर लिया। अभिजीत सिंह ने बताया कि एक माह पूर्व उसके मोबाइल नम्बर पर किसी अज्ञात नम्बर से वाट्सअप पर एक मैसेज आया था। जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने वाट्सअप पर लिंक भेजा। जिसे क्लिक परने के बाद से अभिजीत सिंह का मोबाइल बंद होने लगा। मोबाइल हैक होने का शक होने पर अभिजीत ने धोखाधड़ी से बचने इसकी शिकायत राजेंद्र नगर थाना में दर्ज कराई है। साइबर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नम्बर के धारक के खिलाफ आईटी 66 ग का अपराध दर्ज किया है। मोबाइल नम्बर और लिंक के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट