रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जून। प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी की लिस्ट तैयार हो रही है। बताया गया कि नई कार्यकारिणी में नए चेहरों को आगे लाया जा सकता है। साथ ही महिलाओं को तवज्जों मिल सकती है।
भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर हलचल मची है। प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को दोबारा अध्यक्ष बने तीन माह से अधिक हो चुके हैं लेकिन उनकी अब तक अपनी कार्यकारिणी नहीं बन पाई है। अभी भी वो पुरानी कार्यकारिणी के साथ काम कर रहे हैं। मगर उनकी नई कार्यकारिणी के नामों को लेकर विचार विमर्श का दौर चल रहा है।
बताया गया कि पार्टी के राष्ट्रीय सह महामंत्री(संगठन) शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय महामंत्री(संगठन) अजय जामवाल, और महामंत्री पवन साय की पिछले दिनों मंत्रणा भी हुई थी। इस दौरान सीएम विष्णुदेव साय भी थे। चर्चा है कि पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को निगम-मंडल में पद दिए जाने के बाद उनकी जगह नए चेहरों को पदाधिकारी बनाया जा सकता है।
मसलन, मौजूदा महामंत्री भरतलाल वर्मा को रिपीट किया जा सकता है। इसके अलावा कई और नामों की चर्चा है। इनमें बिलासपुर से पूर्व विधायक रजनीश सिंह, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, देवजी पटेल, परमेश्वरी राजवाड़े, रंजना साहू, मनीष पारख सहित कई और नाम हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक नई कार्यकारिणी में पुराने नेताओं को अहम पद दिया जा सकता है। यानी नए, और पुराने नेताओं का मिश्रण रहेगा। मीडिया विभाग के चेयरमैन अमित चिमनानी यथावत पद पर बने रह सकते हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक कार्यकारिणी में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। विशेषकर बस्तर के नेताओं को कार्यकारिणी में प्रमुख पद दिए जा सकते हैं। नवनिर्वाचित महापौरों,और जिला पंचायत अध्यक्षों को कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है। कार्यकारिणी की घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद जुलाई के पहले हफ्ते में होने की संभावना है।