रायपुर

दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ पहुंचा, कल बस्तर में भारी वर्षा
28-May-2025 9:15 PM
दक्षिण पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ पहुंचा, कल बस्तर में भारी वर्षा

18 दिन पहले पहुंचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 मई। पिछले वर्ष के मुकाबले  दक्षिण पश्चिम मानसून 18 दिन पहले छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर गया है। दक्षिण पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में उत्तर पूर्व के बचे हुए राज्य, छत्तीसगढ़ के कुछ और भाग, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के कुछ भाग, और सिक्किम में पहुंचने की संभावना है।

 एक  चिन्हित कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उड़ीसा तट से दूर स्थित है। इसके साथ उपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है तथा यह ऊंचाई के साथ दक्षिण दिशा में झुका हुआ है। इसके धीरे-धीरे उत्तर की ओर आगे बढ़ते हुए और प्रबल होकर अवदाब के रूप में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने की संभावना है।

एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल  में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 30 डिग्री उत्तर में स्थित है।

एक द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान से उत्तर छत्तीसगढ़ तक पूर्वी राजस्थान मध्य प्रदेश होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक विंडशियर जोन 17 डिग्री उत्तर में 3.1 कमी से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है तथा यह ऊंचाई के साथ दक्षिण दिशा में झुका हुआ है।

एक नया पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभ मंडल में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 55 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है।प्रदेश में कल  29 में को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पढऩे की संभावना है।प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने, अंधड़ चलने और वज्रपात होने की संभावना है। प्रदेश में भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यत: दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।


अन्य पोस्ट