रायपुर

सीएम साय के साथ युवाओं की ‘जय भीम पदयात्रा’
13-Apr-2025 4:14 PM
सीएम साय के साथ युवाओं की ‘जय भीम पदयात्रा’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 अप्रैल। भारत का संविधान हर नागरिक के लिए पवित्र ग्रंथ है, जो हमें गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार देता है। हमारा विशाल लोकतंत्र संविधान की मजबूत नींव पर खड़ा है और बाबा साहब इस ग्रंथ के शिल्पकार थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब से ‘जय भीम पदयात्रा’ का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री स्वयं इस पदयात्रा में युवाओं के साथ शामिल हुए और पदयात्रा के अंतिम पड़ाव में अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और संविधान की मूल भावना के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रिएम्बल वाल पर अपने हस्ताक्षर किए। उल्लेखनीय है कि ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केंद्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मध्यप्रदेश के मऊ में जन्म लेकर कठिन संघर्षों के बाद बाबा साहब ने उच्च शिक्षा प्राप्त की और भारत जैसे विशाल लोकतंत्र को एक समावेशी और शक्तिशाली संविधान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, जिससे नई पीढ़ी उनके विचारों से प्रेरणा ले सके। साथ ही संविधान दिवस की घोषणा कर देशवासियों को संविधान के प्रति समर्पण का संदेश दिया है।

श्री साय ने कहा कि बाबा साहब युवाओं से भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। खेल युवा मंत्री टंकराम वर्मा ने भी संबोधित किया।

युवाओं को किया गया सम्मानित: इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले युवाओं को मुख्य मंच से सम्मानित किया। इसमें  बड़ी संख्या में युवा, स्कूली बच्चे और आमजन उपस्थित थे।

 

 कांग्रेस की न्याय यात्रा,जनता का विश्वास खो चुकी है- सीएम साय 

  दुर्ग के मोहन नगर में मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर 18 तारीख से कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने  पलटवार किया है। उन्होंने  कहा कि ये लोग कुछ भी करें, इनका पूरे छत्तीसगढ़ में सूपड़ा साफ हो गया है। सभी चुनावों में यह बुरी तरह से हारे हैं। ये पहले अपना घर-परिवार संभाल ले, थोड़ा ठीक से अपने पैर पर खड़ा हो जाएं, फिर बात करें।

वहीं कांग्रेस की ओर से संविधान को लेकर लगाए गए आरोपों पर भी मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वैसे कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। यह संविधान की बात करते हैं, जिन्होंने देश में इमरजेंसी लगाई, लाखों लोगों जेल के अंदर ठूस दिया। इन्होंने अपने स्वार्थ के कारण संविधान के साथ खिलवाड़ किया है, गलत तरीके से संशोधन किया है। ऐसे लोगों के मुख से इस तरह की बात शोभा नहीं देती है। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह न्याय नहीं अन्याय यात्रा है। कांग्रेस को तो प्रायश्चित यात्रा करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट