रायपुर

10 दिनों बाद पहुंची पार्षद, महीनेभर पहले ही चुनी गई थी
कहां है चार इंजिन की सरकार ?
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अप्रैल। बढ़ती गर्मी के साथ राजधानी में जल संकट गहरा गया है। और नवनिर्वाचित पार्षद लोगों को राहत दिलाने के बजाए कन्नी काट रहे हैं। रायपुर पश्चिम विस क्षेत्र के आमानाका के वार्ड 22 डूमरतालाब में महिलाओं ने आज सुबह सडक़ पर बांस बल्लियां बांधकर ट्रैफिक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने ठाकुर देव मंदिर से महोबा बाजार जाने वाली सडक़ को बंद कर रखा था।
पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुराना थाना इलाके में प्रदर्शनरत महिलाओं का कहना है कि 8-10 दिन से जल संकट झेल रहे हैं और पार्षद ,जोन कमिश्नर ,महापौर कोई नहीं सुन रहा। डबल इंजन, चार इंजन कि सरकार बोल रहे हैं एक भी इंजन नहीं दिख रहा है। सुबह होते ही महिलाएं सबसे अधिक जल संकट झेल रही है। इन लेगों ने पुलिस कर्मियों को बताया कि निगम पूरा टैक्स वसूलता हैं फिर भी पानी नहीं पिला पा रहा।नया पार्षद बना है किस लिए बना है, इस्तीफा दे दे। पार्षद न घर में मिल रहा है न निगम में अधिकारी कोई नहीं सुन रहा। महिलाओं की भीड़ ने निगम चुनाव में भाजपा के लिए सक्रिय किसी पार्वती नाम की महिला को बुलाया तो वह भी कन्नी काट गई।तो निगम के इंजीनियर ने कहा कि उसे पता ही नहीं है। भीड़ में मौजूद महिला-पुरूष, महापौर मीनल चौबे पार्षद ,आयुक्त, जोन आयुक्त के खिलाफ जो जी में आया बोलते रहे।
करीब डेढ़ दो घंटे के प्रदर्शन के बाद पार्षद मीना ठाकुर, जोन कमिश्नर रमाकांत साहू कुछ इंजीनियरों को लेकर वहां पहुंचे। पार्षद को देखते ही भीड़ का कहना था कि चुनाव जीतने के बाद पार्षद आज दिख रहीं हैं।
और समस्या जानने के बाद ठाकुर देव मंदिर के पास बंद पड़े पंप नल को आज ही सुधारने की कार्रवाई कर दी है। और अमृत मिशन से जोडऩे की भी बात कही है। इस प्रदर्शन में विकास तिवारी,महाकाल साहू,जितेंद्र यादव,बिसाहू यादव,सन्नी साहू,झुमरू यादव,पंजू यादव समेत सैकड़ो महिला पुरूष बच्चे खाली बाल्टी,गुंडी मटके लेकर शामिल हुए।