रायपुर

सौ रोगों की एक दवा, सुबह - सुबह की शुद्ध हवा : साध्वी शुभंकरा
06-Jul-2023 7:31 PM
सौ रोगों की एक दवा, सुबह - सुबह की शुद्ध हवा : साध्वी शुभंकरा

रायपुर, 6 जुलाई। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में गुरुवार को  साध्वी शुभंकरा ने कहा कि अब हमें जागना है। आध्यात्मिक दृष्टि से तो हम वैसे जागते ही रहते हैं पर व्यवहारिक जीवन में हम रोज सुबह नींद से जागते हैं। चातुर्मास के इन 5 महीनों में हमें जागने का अभ्यास करना होगा ताकि यहां 5 से 25 हो सके। एक वाक्या है 100 रोगों की एक दवा सुबह-सुबह की शुद्ध हवा। हम रोज सुबह मॉर्निंग वॉक करने जाते है क्योंकि हमारी सेहत अच्छी बनी रहे। 

साध्वीजी कहती है कि हमें सूर्योदय से पहले जागना चाहिए। हर सुबह सूर्योदय हमारे दरवाजे पर भाग्योदय लेकर आता है। सूर्योदय से पहले अगर कोई जाग रहा है तो उसका भाग्य जाग गया समझो और सूर्योदय के समय जो सोया रहता है उसका भाग्य कभी नहीं जाग सकता। जो सूर्योदय के बाद जागता है उसे जीवन में कोई न कोई परेशानी जरूर घेरती है। कुछ लोगों ने यह महसूस भी किया होगा कि दुकान तो अच्छा चल रहा है पर फिर भी कोई ना कोई छोटी-छोटी समस्याएं उनके सामने आ रही है। वैसे ही घर पर भी इसका प्रभाव पड़ते हैं और घर के अंदर तनाव की स्थिति निर्मित होती है। सूर्योदय के समय या उससे एक से डेढ़ घंटा पहले अगर कोई छात्र पढ़ाई करने के लिए बैठता है, तो पढ़ने के समय वह जो भी पढ़ता है तो ठीक से उसके दिमाग में वह सभी बातें बैठ जाती हैं। यह बातें जिन्हें सुननी चाहिए उनकी संख्या अब कम होती जा रही है जी हां मैं बच्चों की बात कर रही हूं आज प्रवचन के दौरान 1-2 बच्चे ही स्थल पर आते हैं, वह भी अपने माता पिता के कहने पर। जबकि यहां चातुर्मास प्रवचन के दौरान बच्चों की संख्या ज्यादा होनी चाहिए, ताकि वह बचपन से ही अध्यात्म का ज्ञान ले सकें, उसे सीख कर अपने जीवन में उतार सके। आप लोग अगर घर जाकर उन्हें यह बताओगे भी कि आज गुरुवर्याश्री ने यह बताया, यह सिखाया तो वहां एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देंगे। जब तक बच्चें प्रत्यक्ष रूप से आकर यहां बैठेंगे नहीं तब यह सब उनके अंतर्मन में जागृत नहीं हो सकती है।

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष  सुशील कोचर और महासचिव  नवीन भंसाली ने बताया कि  चार्तुमासिक प्रवचन श्रृंखला का लाभ हर सुबह 8.45 बजे से 9.45 बजे तक उठा सकते हैं।


अन्य पोस्ट