रायपुर

अमित शाह ने की विस चुनाव की रणनीति पर घंटों चर्चा
06-Jul-2023 7:29 PM
अमित शाह ने की विस चुनाव की रणनीति पर घंटों चर्चा

रवानगी से पहले माथुर-नबीन के साथ मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों पर की बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 6 जुलाई। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बैठक मेें विधानसभा की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में चुनींदा नेताओं को आमंत्रित किया गया था। शाह ने गुरूवार को जाने से पहले प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सह प्रभारी नितिन नबीन के साथ अलग से चर्चा की। कहा जा रहा है कि शाह ने दोनों के साथ पीएम के दौरे की तैयारियों पर चर्चा की।

केन्द्रीय गृहमंत्री ने बुधवार की रात कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के हॉल में चुनिंदा नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नबीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह तीनों प्रदेश महामंत्रियों  के अलावा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल व पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को ही आमंत्रित किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक केन्द्रीय गृहमंत्री सर्वे रिपोर्ट लेकर आए थे, और सारी जानकारी सबके सामने रखी। चर्चा है कि पार्टी की स्थिति को अभी भी अच्छी नहीं माना गया है, और काफी मेहनत करने की जरूरत बताई गई है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग रणनीति पर काम करने पर जोर दिया गया।

कहा जा रहा है कि बस्तर, और सरगुजा संभाग में पार्टी विशेष रूप से ध्यान देगी। बस्तर से आरएसएस के प्रमुख नेताओं को काम पर लगा दिया गया है। ये नेता लोकसभा चुनाव तक बस्तर में रहेंगे। बैठक में पन्ना प्रभारियों को लेकर भी जानकारी ली गई। शाह ने बूथ स्तर पर संगठन को लगातार बैठक करने की नसीहत दी है। आने वाले दिनों में उनका फिर से दौरा होगा, और जिसमें वो अब तक के कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।

खास बात यह है कि इन बैठकों में राज्यसभा सदस्य सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, सांसद सुनील सोनी, अमर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा, और राजेश मूणत तक को आमंत्रित नहीं किया गया था।


अन्य पोस्ट