रायपुर
शिव की भक्ति में रमे भक्त आठों सोमवार होगी विशेष पूजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 01 जुलाई। सावन का महीना इस साल 4 जुलाई मंगलवार से शुरू हो रहा है जो 31 अगस्त तक रहेगा। इस बीच सावन के महीने में आठ सोमवार होंगे। यह बेहद शुभ संयोग है। दरअसल, इस बार मलमास लगने के कारण सावन का महीना पूरे 59 दिनों का होगा। सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार सावन माह की शुरुआत श्रावण कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। जो इस बार प्रतिपदा तिथि 3 जुलाई को शाम 5:09 बजे शुरू होगा। और 4 जुलाई को दोपहर 1:39 बजे समाप्त होगा। पुरुषोत्तम मास (मलमास) के कारण इस साल सावन दो माह का होगा। इस बार दो सावन का महीना शुभ संयोग और योगों को लेकर आ रहा है। जगन्नाथ मंदिर के पंडित मुकेश शर्मा के अनुसार, बुध व शुक्र के संयोग से लक्ष्मी नारायण योग, सूर्य व बुध की युति से बुधादित्य जैसा राजयोग बन रहा है।
पुराणों के अनुसार दक्ष पुत्री सती ने जब अपने प्राणों को त्याग दिया था, तो महादेव दुख में इतने डूब गए थे कि घोर तप में लीन हो गए थे। तब माता सती ने पर्वतराज हिमालय पुत्री पार्वती के रूप में जन्म लिया और महादेव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तप किया। उनकी इस कठोर तपस्या से प्रसन्न होकर महादेव ने उनकी मनोकामना को पूरा किया। इसके बाद ही महाशिवरात्रि पर उनका माता पार्वती के साथ विवाह हुआ था। इसलिए ये महीना भगवान शिव और माता गौरी, दोनों को प्रिय है।
पंडित कमल दुबे ने बताया कि इस साल का सावन कई मायनों में फलदाई होगा। क्योंकि इस बार महादेव को समर्पित यह महीना 59 दिनों का होने वाला है। ऐसा 19 साल बाद हुआ है। जब सावन माह में एक माह ज्यादा होता है। ऐसे में इस वर्ष सावन को दो महीनों में विभाजित किया जाएगा। इस साल सावन करीब 59 दिनों तक रहेगा। इस वर्ष आठ सोमवार पड़ेंगे। इसके अलावा सावन माह की शुरुआत बेहद शुभ योग में होगी।
आचार्य दुबे ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। अगर इस महीने में उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाए, तो शिव जी को बहुत जल्दी प्रसन्न किया जा सकता है। भगवान शिव के तमाम भक्त अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए सावन भर उनकी विशेष पूजा करते हैं।
आठ सोमवार, नौ मंगला गौरी व्रत
ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में भगवान शंकर की आराधना और जलाभिषेक करने से मनुष्य की सभी तरह की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस बार सावन के महीने में 8 सोमवार के व्रत और 9 मंगला गौरी व्रत रखा जाएगा।


